चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर रविवार को चार संदिग्धों के दिखाई देने की सूचना पर चंडीगढ़ में भी अलर्ट जारी कर दिया गया। शहर में यूपीएससी के एग्जाम में लगे पुलिस बल के बावजूद टेक्निकल एयरपोर्ट समेत शहर के मेन प्वाइंट जैसे सेक्टर-17 मार्केट, सेक्टर-43 और 17 बस अड्डे, रेलवे स्टेशन समेत कई जगह चेकिंग की गई।
साथ ही शहर की सीमाओं पर भी स्पेशल चेकिंग अभियान चलाया गया। एसपी सिटी नवदीप सिंह बराड़ के अनुसार सुबह अलर्ट जारी होने के बाद सबसे पहले टेक्निकल एयरपोर्ट और उसके आसपास के एरिया में चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं, सुबह-शाम और देर रात आईएसबीटी-17 और 43, रेलवे स्टेशन समेत सिटी के प्रमुख स्थलों पर सर्च ऑपरेशन चलाया गया।
सभी जगह संदिग्ध लोगों और उनके सामान की चेकिंग की गई। हालांकि इस दौरान कोई संदिग्ध तो नहीं मिला, लेकिन इसके बावजूद सभी थानों की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। एसपी सिटी के अनुसार शहर की सीमाओं पर पुलिस को चौकस कर दिया गया है। सभी गाड़ियों को चेकिंग के बाद ही शहर में एंट्री दी जा रही है।