पंजाब के मोहाली के जीरकपुर स्थित फ्रेंड्स एंक्लेव में एक प्रॉपर्टी डीलर के घर में बतौर नौकरानी काम करने वाली 14 वर्षीय किशोरी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
किशोरी के परिजनों ने मकान मालिक प्रॉपर्टी डीलर पर उनकी बेटी से दुष्कर्म कर हत्या करने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस ने प्राथमिक जांच के बाद मृतका के पिता की शिकायत पर प्रॉपर्टी डीलर और उसकी पत्नी के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज किया है।
साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कार्रवाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद की जाएगी।
मृतक के गले पर निशान
मृतक के पिता मजदूरी करते हैं। उन्होंने बताया कि उसके चार बच्चों में दूसरे नंबर की 14 वर्षीय बेटी फ्रेंड्स एंक्लेव के मकान नंबर 65 में प्रॉपर्टी डीलर कमल भल्ला के घर में तीन वर्षों से घरेलू काम करती थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि बीते रोज शाम को मकान मालिक का फोन आया कि उनकी बेटी को कुछ हो गया है वह जल्दी घर आ जाएं। जब वह घर पहुंचे तो उनकी बेटी की मौत हो चुकी थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मकान मालिक ने उनकी बेटी के शव का अंतिम संस्कार कराने के लिए उनको मनाने की कोशिश की। लेकिन, उन्होंने शव को देखा तो उसके गले पर निशान थे। इस पर उन्हें शक हुआ और उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
प्रॉपर्टी डीलर ने कहा, 'फंदा लगाकर जान दी'
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके बाद मृतका के परिजन और अन्य लोग पुलिस स्टेशन पहुंचे। यहां माता-पिता व अन्य रिश्तेदारों ने आरोप लगाया कि उनकी बेटी की दुष्कर्म के बाद हत्या की गई है।
संबंधित थाने के इंस्पेक्टर पवन कुमार शर्मा ने बताया कि मृतका के पिता की शिकायत पर मकान मालिक कमल भल्ला और उनकी पत्नी मोहिता भल्ला के खिलाफ खुदकुशी करने के लिए मजबूर करने की धारा में केस दर्ज कर लिया गया है।
फिलहाल पुलिस ने इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं की है। वहीं मकान मालिक कमल भल्ला ने आरोपों के नकारते हुए कहा कि किशोरी पिछले तीन वर्ष से उनके घर में काम कर रही थी।
बीती शाम मकान की दूसरी मंजिल में खाली पड़े कमरे में उसने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। उसने यह कदम क्यों उठाया उन्हें इस बारे में कुछ भी पता नहीं है।