शहर के विधायक घनश्याम सर्राफ की फेसबुक पर अश्लील सामग्री भेजने का मामला सामने आया है। विधायक ने इस मामले में स्थानीय जैन चौक पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करवाई है।
पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है। इस संबंध में विधायक का कहना है कि यह उनकी छवि को खराब करने की साजिश है।
मामले के अनुसार स्थानीय भाजपा विधायक की की फेसबुक पर किसी ने अश्लील सामग्री पोस्ट कर दी है और साथ ही अश्लील कमेंटबाजी भी कर दी है।
इसकी जानकारी मिलने पर एमएलए घनश्याम सर्राफ ने शनिवार को देर शाम एक लिखित शिकायत जैन चौक पुलिस चौकी में भिजवाई। उनके पीए ने चौकी में जाकर मामले की शिकायत दी।
पुलिस ने इस मामले में विधायक की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।
‘विधायक घनश्याम सर्राफ की ओर से लिखित शिकायत मिली है। इस मामले में अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच के लिए साइबर सेल की मदद ली जाएगी।’
- विद्याधर, चौकी इंचार्ज, जैन चौक, भिवानी
‘फेसबुक पर इस तरह की अश्लील कमेंटबाजी कर किसी ने मुझे बदनाम करने की साजिश की है। मामला दर्ज करवा दिया है। पुलिस कार्रवाई कर रही है।’
- घनश्याम सर्राफ, विधायक, भाजपा