सोनीपत में गिरफ्तार हुआ हत्यारा नेशनल कबड्डी प्लेयर
- फोटो : अमर उजाला
सात हत्याओं सहित दर्जनों संगीन वारदातों में नामजद कुख्यात बदमाश नेशनल कबड्डी खिलाड़ी को गिरफ्तार कर लिया है। सीआईए-2 ने उसे साथी सहित गिरफ्तार किया है। रिठाल निवासी शनि देव उर्फ कूकी पर पांच हजार का इनाम भी है।
कूकी रविवार को अपने साथी सोनीपत के भठगांव निवासी संजीत उर्फ सुमीत उर्फ घोलू पहलवान के साथ किलोई-लौढ़ौत रोड पर किसी वारदात की फिराक में घूम रहा था। सूचना मिलने पर दोनों को दबोच लिया गया। शनि देव पर दिल्ली, हरियाणा और अन्य प्रदेशों में भी हत्या और हत्या के प्रयास के मामले दर्ज हैं।
डीएसपी वीर सिंह और सीआईए-2 इंचार्ज राकेश सैनी ने बताया कि अंतरराज्यीय गिरोह में शामिल शनि देव और मंजीत से पुलिस ने दो अवैध हथियार और 11 कारतूस बरामद किये हैं। पुलिस पूछताछ में दोनों ने दर्जनों वारदात में शामिल होना कबूल किया है।
भाई की हत्या के बाद बना कुख्यात
सोनीपत में गिरफ्तार हुआ हत्यारा नेशनल कबड्डी प्लेयर
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि शनि देव प्रदेश में नेशनल स्तर का कबड्डी खिलाड़ी रहा है। उसने हरियाणा और विदर्भ का राष्ट्रीय स्तर पर दो बार प्रतिनिधित्व किया है। भाई की हत्या के बाद उसने एक के बाद एक वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस ने बताया कि शनि देव का भाई सुखविंदर नरवाल भी राष्ट्रीय स्तर का कबड्डी खिलाड़ी था। वर्ष 2016 में सुखविंदर की अमरजीत गिरोह ने हत्या कर दी। इसके बाद शनि ने बदला लेने के लिए वारदात की। वह कुख्यात बदमाश हलालपुर निवासी विजय उर्फ बौदा के गैंग में शामिल हो गया और हत्या एवं हत्या के प्रयास की कई वारदात को अंजाम दिया।
चार साल से जमानत पर, पांच हत्याओं में आरोपी
शनि देव पिछले चार साल से एक मामले में जमानत पर बाहर है। उसे वर्ष 2010 में एक केस में गिरफ्तार किया गया था। दो साल तक जेल में रहने के बाद वह साल 2012 में जमानत पर बाहर आया था। तब से वह प्रदेश और प्रदेश से बाहर हत्या के पांच मामलों में आरोपी है।
गलत संगत से पहलवान बना बदमाश
पकड़ा गया दूसरा बदमाश संजीत उर्फ सुमीत उर्फ घोलू बीएससी स्पोर्ट्स उत्तीर्ण है। वह पहलवानी करता था, लेकिन गलत संगत में आने के बाद वर्ष 2008 से वारदात करने लगा। वह शनि देव का दूर का रिश्तेदार भी है। उसने शनि देव के साथ कई वारदातें की हैं।