अंबाला दिल्ली हाइवे स्थित आईओसी के सामने एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नाले में जा गिरी। हादसा इतना दर्दनाक था कि कार सवार एक एनआरआई महिला व ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गए। जबकि एनआरआई महिला के साथ कार में सवार एक किशोरी बाल बाल बच गई।
उधर, हादसे की सूचना पाकर इलाका पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए कैंट सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां डाक्टर ने एनआरआई महिला को मृत घोषित कर दिया और ड्राइवर का प्राथमिक उपचार कर अस्पताल में दाखिल कर लिया।
वहीं पुलिस ने मृतक महिला का शुक्रवार को पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। जांच अधिकारी एएसआई धर्मपाल का कहना है कि हादसे में मृतक एनआरआई महिला की पहचान खानपुर, मोहाली निवासी विचित्र कौर के रूप में हुई है। इसके साथ ही चालक जगतार सिंह भी घायल हो गया।
पुलिस का कहना है कि मृतक महिला पिछले काफी समय से कनाड़ा में रह रही थी और गुरुवार देर रात को अपनी पौती के साथ कनाडा से नई दिल्ली पहुंची थी। जिसके बाद वह अपने रिश्तेदार की कार में सवार होकर खानपुर की ओर जा रही थी। तभी अचानक आईओसी के पास कार अनियंत्रित होकर नाले में गिर गई।