जालंधर में सड़क हादसे में देहरादून की युवती की मौत
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब के जालंधर में तेज रफ्तार बस ने एक्टिवा सवार युवती को कुचल दिया। युवती की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवती अपनी एक्टिवा पर ज्योति नगर स्थित अपने पीजी से गांव अठौला स्थित एक्सिस बैंक में जा रही थी। टक्कर इतनी भयानक थी कि युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
मूल रूप से देहरादून की रहने वाली विदुशी रावत पुत्री दिनेश कुमार ने अपनी पढ़ाई अमृतसर में अपने मामा के पास रहकर की थी। उसके मामा अमृतसर के फतेहगढ़ चूड़ियां रोड में रहते हैं। पढ़ाई पूरी करने के बाद युवती को जालंधर में एक्सिस बैंक में नौकरी मिल गई थी। वह जालंधर के ज्योति नगर में पीजी में रहने लगी।
शुक्रवार को वह अपनी एक्टिवा पर सवार होकर बैंक जाने के लिए निकली थी कि बस्ती बावा खेल थाना क्षेत्र के अधीन आते बस्ती पीरदाद रोड पर बस ने उसको कुचल दिया। हादसे में विदुशी रावत की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है। विदुशी के मामा जगदीश कंधारी और मासी को अमृतसर से बुलाया गया है।
पुलिस ने बस चालक सुखबीर सिंह निवासी मिट्ठू बस्ती को गिरफ्तार कर लिया है। एसएचओ गुरप्रीत सिंह का कहना है कि बस कांट्रैक्ट के तौर पर यूनिवर्सिटी के साथ जुड़ी हुई है, लेकिन जब स्टूडेंट्स की छुट्टी होती है तो उक्त बस अन्य सवारियों को छोड़ने में लग जाती है। शुक्रवार हादसे के समय बस में एक कंपनी की लेबर बैठी हुई थी। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।