आम आदमी पार्टी(आप) की चंडीगढ़ की सेंट्रल आब्जर्वर रुपिंदर धालीवाल की फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर उनका इस्तीफा भेजने वाले आरोपी मनप्रीत सिंह को पुलिस की साइबर सेल ने मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। बता दें कि मनप्रीत की अग्रिम जमानत याचिका पिछले दिनों जिला अदालत ने खारिज कर दी थी।
इसके बाद से पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार करने का दबाव बन रहा था। आरोपी मनप्रीत सिंह लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी से जुड़ा था और पार्टी के आईटी सेल में तैनात था। पुलिस के अनुसार, मनप्रीत ने सेक्टर-26 स्थित एक कंपनी में ई-मेल आईडी बनाई थी।
इसके बाद पार्टी के सभी सदस्यों और नेताओं को अपने घर से ई-मेल में धालीवाल का इस्तीफा भेजा गया था। सेक्टर-3 थाना पुलिस ने सेक्टर-8 निवासी रुपिंदर धालीवाल की शिकायत पर मनप्रीत सिंह के खिलाफ साजिश रचने, जाली ई-मेल आईडी बनाने और आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया।
यह था मामला
सेक्टर-8 निवासी आप की चंडीगढ़ के सेंट्रल आब्जर्वर रुपिंदर धालीवाल ने 23 मई को एसएसपी को शिकायत दी थी कि उसकी फर्जी ई-मेल बनाकर उनका इस्तीफा पार्टी को भेज दिया गया था। इसकेसाथ इस ई-मेल को मीडिया हाउस में भी सरकुलेट कर दिया गया था।
अगले दिन कार्यकर्ताओं और मीडिया ने जब रुपिंदर धालीवाल से इस्तीफे का कारण पूछा तो उन्होंने इनकार कर दिया। उन्होंने पार्टी के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी दी और अपना ई-मेल आईडी भी चेक किया। उन्होंने तुरंत इस मामले की शिकायत पार्टी आलाकमान को दी थी।
शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने मामले की जांच की थी। इसमें ई-मेल आईडी सेक्टर-9 स्थित जीसीएस कंपनी के नाम से एयरेटल कंपनी के ब्राडबेंड से ई-मेल आईडी बनाई। जांच में पता चला कि कंपनी सेक्टर-26 में ट्रांसफर हो गई है।
साइबर सेल ने डायरेक्टर गुरमीत सिंह से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि ई-मेल सेक्टर 45 के मनप्रीत सिंह ने बनाई थी। इसके बाद साइबर सेल ने मनप्रीत के खिलाफ मामला दर्ज करने की सिफारिश की थी।
आम आदमी पार्टी की चंडीगढ़ की सेंट्रल आब्जर्वर रुपिंदर धालीवाल की फर्जी ई-मेल आईडी बनाकर उनका इस्तीफा भेजने वाले आरोपी मनप्रीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।
जसबीर सिंह, प्रभारी, साइबर सेल