बाइक चला रहे रोहित व अजय को जब तक मामला कुछ समझ आता। तब तक दोनों के बीच बैठे इंद्रजीत सिंह के सिर से सटाकर दोनों युवकों ने अपने रिवाल्वर से गोलियां बरसा दीं। घटनास्थल के नजदीक ही अपराधियों की कार खड़ी थी, जिसमें कोई तीसरा व्यक्ति पहले ही ड्राइविंग सीट पर बैठा था। अपराधियों के कार में सवार होते ही कार तेजी से रंधावा रोड की ओर निकल गई। इसके बाद दोनों दोस्त एक राहगीर की कार में इंद्रजीत को लेकर खरड़ अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घर से निकलते समय आया फोन बना पहेली
इंद्रजीत के दोस्त रोहित ने बताया कि घर से निकलते समय इंद्रजीत सिंह को किसी का फोन आया था। वह फोन उसने उनसे अलग होकर एक कमरे में जाकर सुना था। जब रोहित ने इंद्रजीत सिंह से फोन कॉल के बारे में पूछा तो उसने कहा कि भाजी दा फोन है। हालांकि उसने आगे कुछ भी बताने से मना कर दिया था।
बाइक सवार दो दोस्तों को कुछ भी नहीं कहा
हमलावरों ने बाइक रुकवाकर बीच में बैठे इंद्रजीत सिंह को ही गोलियां मारीं बाकी दोनों दोस्तों को कुछ नहीं कहा। इससे जाहिर है कि हत्यारे इंद्रजीत को अच्छी तरह पहचानते थे और उसकी ही हत्या करना चाहते थे।
राहगीर ने घायल अवस्था में अस्पताल पहुंचाया
फायरिंग कर रहे दोनों आरोपी युवकों ने रिवाल्वर से सारी की सारी गोलियां इंद्रजीत सिंह पर बरसा दीं। पुलिस को मौके पर 18 खोखे बरामद हुए हैं। इंद्रजीत सिंह को एक राहगीर की कार में खरड़ अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंद्रजीत सिंह मंगलवार को अपने एक दोस्त अजय के पास चंडीगढ़ घूमने आया था। दोनों अपने एक पुराने दोस्त रोहित के पास दर्पण सिटी में ठहरे हुए थे। रोहित भी फिरोजपुर का रहने वाला है। वह खरड़ में रहकर चंडीगढ़ में नौकरी कर रहा है। बुधवार को वह वीआर मॉल समेत विभिन्न एरिया में घूमने गए थे।
पुलिस ने देखी सीसीटीवी की रिकॉर्डिंग व इंद्रजीत का मोबाइल कब्जे में लिया
गोली चलने की सूचना पर सिटी पुलिस थानाध्यक्ष भगवंत सिंह, खरड़ के डीएसपी सिमरनजीत सिंह लंग तथा बड़ी संख्या में पुलिस कर्मचारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल के निकट एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग के कुछ फुटेज देखे हैं लेकिन इस बारे में पुलिस अभी कुछ कहने से बच रही है। पुलिस ने इंद्रजीत का मोबाइल कब्जे में लेकर उसकी कॉल डिटेल निकलवाने के लिए भेजी है।
फोरेंसिक टीम ने भी लिए सैंपल
फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सैंपल लिए हैं। मृतक की किसी से दुश्मनी के बारे में भी पुलिस रिकार्ड की जांच करवा रही है। जांच के बाद ही सही तथ्य सामने आएंगे। पुलिस ने फिरोजपुर पुलिस को भी सूचित करके युवक के बारे में जानकारी मांगी है।