जालंधर देहात पुलिस के सीआईए स्टाफ-1 ने दिल्ली के रहने वाले 19 साल के विद्यार्थी मोहम्मद इरफान को पांच सौ ग्राम हेरोइन के साथ फिल्लौर से गिरफ्तार किया है। मोहम्मद इरफान को एक नाइजीरियन लड़की ने फेसबुक पर पहले अपने जाल में फंसाया और फिर उसको तस्करी के धंधे में उतार दिया। लेडीज सैंडिल के तलवे में हेरोइन छिपाकर जालंधर और आसपास के इलाकों में सप्लाई करने पहुंचा इरफान उस समय पुलिस के हत्थे चढ़ गया, जब पुलिस ने फिल्लौर में नाकेबंदी कर रखी थी।
एसपी बलकार सिंह ने बताया कि रविवार को सीआईए वन एएसआई निर्मल सिंह ने पुलिस पार्टी के साथ जालंधर-फिल्लौर हाईवे पर नाकेबंदी की। शक के आधार पर एक बस को रोककर यात्रियों की तलाशी करने पर एक युवक के बैग से हेरोइन बरामद हुई। बैग में लेडीज सैंडल का जोड़ा था, जिनका वजन आम सैंडल से अधिक लगने पर पुलिस को शक हुआ।
डीएसपी लखबीर सिंह मौके पर पहुंचे और उनके सामने सैंडल को ब्लेड से काटा गया तो अंदर हेरोइन मिली। दोनों सैंडल से पुलिस ने 250-250 ग्राम हेरोइन की दो थैली बरामद की। एसपी बलकार सिंह के मुताबिक, मोहम्मद इरफान दिल्ली में डिस्टेंस एजुकेशन से बीए कर रहा है। थाना फिल्लौर में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस उस नाइजीरियन लड़की को तलाश रही है, जिसने इरफान का इस्तेमाल तस्करी के लिए किया था। इरफान कहां से हेरोइन लेकर आया था, कहां सप्लाई करनी थी, इसकी जांच चल रही है। इतना सामने आया है कि इस तस्करी के लिए इरफान को 35 हजार रुपये दिए जाने थे।