अमृतसर के इस्लामाबाद थानातंर्गत दशमेश एवेन्यू में साहिल नामक युवक ने सुनार से दुखी होकर अपने घर में फंदा लगाकर जीवन लीला खत्म कर ली। मंगलवार शाम हुई इस घटना में पुलिस ने गुरु बाजार निवासी आकाश चौहान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया है।
मामले के जांच अधिकारी व कोट खालसा चौकी प्रभारी पलविंदर सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। दशमेश एवेन्यू निवासी धरमेंदर कुमार की पत्नी आशा रानी ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा साहिल पिछले सात साल से गुरु बाजार में ही गहने बनाने वाले आकाश चौहान के पास काम कर रहा है।
उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से उनका बेटा अपने मालिक को लेकर काफी परेशान था। मंगलवार शाम साहिल ने बताया था कि आकाश चौहान ने उसके साथ मारपीट की और अन्य कारीगरों के सामने उसे जलील किया, इसलिए वह उसके पास नौकरी नहीं करना चाहता। आशा रानी ने उसे समझाया कि अगर वह वहां काम नहीं करना चाहता तो कोई अन्य काम कर ले।
उन्होंने बताया कि वह बेटे की बातों से समझ गई कि आरोपी दुकानदार आकाश चौहान ने उनके बेटे को बुरी तरह से प्रताड़ित किया है। मंगलवार शाम को बेटा घर में नहीं था तो वह अपनी बेटी के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकने गई। उनके बाद बेटा घर लौट आया। जब वह रात को घर लौटी तो पाया कि अंदर से दरवाजा बंद था। उन्होंने जब दरवाजा खटखटाया तो किसी ने दरवाजा नहीं खोला। उन्होंने झांक कर देखा तो पाया कि बेटे साहिल का शव घर के जंगले से लटक रहा था।