एरोसिटी रोड पर मंगलवार सुबह एक ट्रक चालक ने बात करने के लिए खिड़की पर चढ़े ट्रैक्टर चालक को 2 ट्रकों के बीच ले जाकर बुरी तरह से कुचल दिया, जिसमें ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई। मृतक चालक की पहचान बलविंदर सिंह निवासी संगरूर के रूप में हुई है।
पंजाब के जिला संगरूर के रहने वाले रणदीप सिंह ने बताया कि वह अपने चाचा की ट्रैक्टर-ट्राली पर तूड़ी लेकर डेराबस्सी की तरफ जा रहा था। ट्रैक्टर को बलविंदर सिंह चला रहा था। शिकायत के अनुसार एरोसिटी रोड पर प्रधान ढाबे के पास पहुंचे तो पीछे आ रहे एक ट्रक चालक जसबीर सिंह ने गलत दिशा से ओवरटेक करके उनकी ट्राली की तिरपाल फाड़ दी, जिससे सारी तूड़ी नीचे सड़क पर गिरने लगी।
दूसरी ओर ट्रक चालक ने आगे जाकर अपना ट्रक रोक लिया। वहीं, ट्रक चालक द्वारा नीचे न उतरने पर बलविंदर ट्रक की खिड़की पर चढ़कर उससे तिरपाल फाड़ने के संबंध में पूछने लगा लेकिन चालक ने एकदम अपना ट्रक भगाया और बलविंदर को नीचे उतरने का मौका नहीं दिया।
इसके बाद आरोपी ट्रक चालक ने अपना ट्रक एक अन्य ट्रक के साथ ले जाकर उसे रगड़ दिया। बलविंदर दो ट्रकों के बीच आकर बुरी तरह से कुचलकर नीचे गिर गया। वहीं, वारदात को अंजाम देने के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया।
जख्मी हालत में ट्रैक्टर चालक बलविंदर को डेराबस्सी सिविल अस्पताल और फिर जीएमसीएच-32 में दाखिल करवाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बलविंदर सिंह को मृत घोषित कर दिया। जीरकपुर थाना प्रभारी गुरचरण सिंह ने बताया कि आरोपी ट्रक चालक जसबीर सिंह निवासी संगरूर खिलाफ केस दर्ज करके तलाश शुरू कर दी गई है।