सेक्टर-46/47/48/49 की विभाजित सड़क पर सोमवार देर रात सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। राहगीर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस घायल को जीएमसीएच-32 ले गई। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वहीं आरोपी कार चालक कार समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने चश्मदीद की शिकायत पर अज्ञात ऑल्टो कार चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने और गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
मामले के अनुसार सेक्टर-49सी निवासी सूरज ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि सोमवार रात वह किसी काम से सेक्टर-46 की ओर जा रहा था। जैसे ही वह सेक्टर-46/47/48/49 के लाइट प्वाइंट पर पहुंचा तो तेज रफ्तार ऑल्टो कार ने सड़क पार कर रहे व्यक्ति को टक्कर मार दी। वह व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। उन्होंने फौरन पुलिस को इसकी सूचना दी तो पीसीआर में पहुंचे पुलिसकर्मी घायल को जीएमसीएच-32 लेकर गए, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। वहीं शिकायतकर्ता के अनुसार रात में कोहरा होने के कारण वह कार का नंबर नहीं नोट कर सका। थाना पुलिस आसपास के घरों और ट्रैफिक लाइट पर लगे सीसीटीवी कैमरों से कार की जानकारी जुटा रही है।