कपूरथला के गांव सैदोवाल की एक युवती की कनाडा में हत्या कर दी गई है। बताया जा रहा है कि वह कोनोला शहर में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करती थी। बीते दिन युवती के सिर पर सिरफिरे अंग्रेज ने रॉड से हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया था। घायल अवस्था में उसे नजदीक के अस्पताल में दाखिल कराया गया था। जहां महिला ने दम तोड़ दिया।
इसकी पुष्टि परिवार के सदस्य सलिंदर सिंह ने किया और बताया कि युवती के माता-पिता कनाडा पहुंच चुके हैं। जबकि युवती की मौत की खबर सुनकर पूरे गांव में शोक की लहर है। जानकारी अनुसार कपूरथला के गांव सैदोवाल की युवती हरमनदीप कौर की कनाडा में मौत हो गई है। पारिवारिक सदस्य सलिंदर सिंह के मुताबिक हरमनदीप कौर तीन साल पहले छात्र वीजा पर कनाडा के कोनोला शहर में गईं थीं।
पढ़ाई समाप्त करने के बाद उन्हें एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी मिल गई थी। कुछ महीने पहले उन्हें कनाडा की पीआर भी मिली थी।हरमनदीप के पिता पलजीत सिंह और मां को चार मार्च को कनाडा जाना था लेकिन बीते दिन फोन आया कि किसी सिरफिरे अंग्रेज ने पीछे से हरमनदीप कौर के सिर पर रॉड से हमला कर दिया है और वह गंभीर रूप से घायल हैं। उसे कोनोला के निजी अस्पताल में दाखिल करवाया गया है लेकिन एक दिन बाद उसकी मौत हो गई। जैसे ही इस बात की जानकारी माता-पिता को मिली तो वह तुरंत कनाडा रवाना हो गए हैं।