बंद कमरे में घुप्प अंधेरा था, लेकिन जैसे ही लाइट जली, तो देखने वालों की आंखें खुली की खुली रह गई। कमरे का दृश्य कलेजा हिला देने वाला था। दरअसल, लुधियाना के बहादुर के रोड स्थित मनमोहन नगर इलाके में रहने वाले युवक का संदिग्ध परिस्थितियों में शव कमरे में ही लटकता मिला। घटना का पता उस समय चला जब बुधवार की देर रात को मृतक युवक रमेश कुमार (18) के कमरे की लाइट चल रही थी। उसके पड़ोसी ने उसे जगाना चाहा तो अंदर से किसी ने दरवाजा नहीं खोला। उसने तुरंत इसकी जानकारी मकान मालिक को दी। मकान मालिक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद थाना बस्ती जोधेवाल की इंचार्ज पीपीएस अधिकारी माधवी शर्मा मौके पर पुलिस पार्टी के साथ पहुंच गई। पुलिस ने जांच के बाद रमेश कुमार का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने रमेश कुमार के परिजनों को इसकी जानकारी दे दी है। अब गांव से उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। अभी तक की जांच में पुलिस इसे आत्महत्या का बता रही है, लेकिन रमेश के गले पर निशान भी पाए गए है। जिससे आशंका यह भी जताई जा रही है कि रमेश की हत्या कर किसी ने शव को लटका कर आत्महत्या का रूप दिया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है।
suicide
- फोटो : डेमो
बस्ती जोधेवाल थाने की इंचार्ज माधवी शर्मा ने बताया कि रमेश कुमार मूल रूप से उत्तरप्रदेश के जिला बहराइच का रहने वाला है। यहां पर वह किराए के मकान में रहता है। यहां पर वह एक फैक्टरी में काम करता था। बुधवार की रात को वह काम पर से लौटा और सीधे अपने कमरे में चला गया। देर रात को उसके कमरे की लाइट चल रही थी। पड़ोसी ने लाइट चलती देख उसका दरवाजा खटखटाया तो अंदर से कोई आवाज नहीं आई।
उसने दरवाजा खोलने की भी कोशिश की, लेकिन दरवाजा नहीं खुला। पड़ोसी युवक ने मकान मालिक को बताया तो वह भी मौके पर पहुंच गया। जिसके बाद उसने भी दरवाजा खोलने की कोशिश की, लेकिन कोई रिस्पांस न मिलने पर उसने इसकी जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने दरवाजा खोला तो अंदर रमेश का शव लटक रहा था। माधवी शर्मा ने बताया कि कमरे के अंदर जाने और बाहर आने का एक ही रास्ता है।
जिससे अभी तक की जांच में यहीं सामने आ रहा है कि उसने आत्महत्या की है। उसके गले पर भी कुछ निशान मिले हैं। जिससे आशंका यह भी है कि उसकी हत्या कर शव लटकाया गया हो। यह भी हो सकता है कि रमेश ने पहले किसी ओर तरह से आत्महत्या करने की कोशिश की ह,ै जिस कारण उसके गले पर निशान है। माधवी शर्मा ने बताया कि रमेश के परिजनों को सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी और पोस्टमार्टम के दौरान उसकी मौत का कारण भी पता चल जाएगा।