चंडीगढ़-अंबाला मुख्य मार्ग पर सोमवार देर शाम एक ट्रक ने गांव भांखरपुर के पास स्थित रिलायंस पंप के नजदीक एक मोटरसाइकिल चालक सुशील कुमार (51) को अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि सुशील ने हेलमेट भी पहना था पर हादसा इतना भयानक था कि ट्रक चालक काफी दूर तक मोटरसाइकिल को चालक समेत घसीटता ले गया, जिस कारण चालक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सड़क के बीच खड़े क्षतिग्रस्त वाहनों के कारण हाईवे पर जाम लग गया। सुशील कुमार चंडीगढ़ सेक्टर 43 बी में रहता था।
सोमवार शाम करीब आठ बजे सुशील कुमार मोटरसाइकिल पर सवार होकर चंडीगढ़ से डेराबस्सी की तरफ आ रहा था। इस दौरान जब वह उक्त पंप के सामने पहुंचा तो पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। काफी दूर जाकर चालक ने ट्रक रोका और मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने बहुत मुश्किल से सुशील को ट्रक से अलग किया। हादसे के बाद चंडीगढ़ से डेराबस्सी आने वाली वाहनों का लंबा जाम लग गया। ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंचकर जाम को खुलवाने में जुटी थी।
मुबारिकपुर पुलिस चौकी इंचार्ज एएसआई भिंदर सिंह ने कहा कि शव को सिविल अस्पताल के मोर्चरी में रखवाकर ट्रक को कब्जे में लेकर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद आगे वाली कार्रवाई की जाएगी।