पंजाब के संगरूर में पकड़ी गई नई और पुरानी करेंसी
लाखों की करेंसी और 2000 के गुलाबी नोटों के पकड़े जाने का मामला सामने आया है। 8 युवक दबोचे गए है, जिनमें 4 पुलिस वाले हैं। पंजाब के संगरूर में मूनक पुलिस ने 18 लाख चालीस हजार रुपये की करेंसी सहित आठ व्यक्तियों को काबू किया है, जबकि इनका एक साथी अभी फरार है। पकड़े गए व्यक्तियों में तीन पंजाब पुलिस के मुलाजिम और एक हरियाणा विजिलेंस यूनिट जींद का मुलाजिम शामिल है।
एसएसपी इंदरबीर सिंह ने मंगलवार को बताया कि सब डिवीजन मूनक के डीएसपी अजयपाल सिंह और खनौरी थाने के प्रभारी गुरप्रताप सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि हरियाणा के जींद में विजिलेंस यूनिट का मुलाजिम राजवीर सिंह निवासी बद्दोवाल धर्मगढ़ थाना नरवाना, अपने साथी कर्मराज सिंह निवासी बड़ौदी थाना सदर जींद एक कार में सवार होकर लाखों रुपये की नई करेंसी लेकर राजवीर सिंह वासी पातड़ा, रामपाल वासी पातड़ा, सुखनाम तंबूवाला, चमकौर सिंह वासी लाडबंजारा के साथ पांच सौ और हजार रुपये के पुराने नोट के बदले नई करेंसी की अदला-बदली करने के लिए खनौरी आ रहे हैं।
पुलिस ने ट्रेप लगाकर युवकों को काबू किया
पंजाब के संगरूर में पकड़ी गई नई और पुरानी करेंसी
पुलिस ने खनौरी भाखड़ा नहर पर ट्रेप लगाकर उक्त व्यक्तियों को काबू करके इनके कब्जे से अठारह लाख चालीस हजार रुपये की करेंसी बरामद की। पकड़ी गई करेंसी में पंद्रह लाख चालीस हजार के नए दो हजार के नोट और तीन लाख के एक-एक सौ रुपये के नोट हैं।
एसएसपी इंदरबीर सिंह ने बताया कि पकड़े गए इन व्यक्तियों में पंजाब पुलिस के मुलाजिम हवलदार जगमेल सिंह, हवलदार महिंदर सिंह और एएसआई बलवीर सिंह शामिल है। राजवीर सिंह निवासी बद्दोवाल विजिलेंस यूनिट जींद में मुलाजिम तैनात है।
पंजाब पुलिस के तीनों मुलाजिमों को डिसमिस किया जाएगा। उक्त सभी व्यक्तियों के साथी चमकौर सिंह निवासी लाडबंजारा की पुलिस तलाश कर रही है। पुलिस पकड़ ने आरोपियों का मंगलवार को दो दिन का रिमांड हासिल कर लिया है। पुलिस उसने गहनता से पूछताछ करेगी।