दुपेड़ी गांव में निकाह की खुशी में हो रही पार्टी के दौरान दूल्हे के चाचा-भतीजे में किसी युवक के रिश्ते को लेकर झगड़ा हो गया। भतीजे की पिटाई से चाचा बेहोश हो गया और उसकी मौत हो गई। हालांकि परिजन उसे बेहोश समझकर अस्पताल ले गए लेकिन वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद पार्टी में अफरा-तफरी मच गई।
सभी खुशियां मातम में तब्दील हो गईं। गुस्साए परिजन मृतक के शव को लेकर असंध थाना पहुंच गए जहां पुलिस ने परिजनों को समझाकर शव को असंध के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर भतीजे यूसुफ के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
13 जून को हुआ था आसिफ का निकाह
दुपेड़ी गांव निवासी आसिफ का निकाह 13 जून को हुआ था। सोमवार को परिवार के लोग पार्टी कर जश्न मना रहे थे। इसमें परिवार के सदस्यों के साथ-साथ रिश्तेदार भी शामिल थे। पार्टी में दूल्हे आसिफ के चाचा हबीब (56) व यूसुफ (हबीब का भतीजा) और अन्य रिश्तेदार बैठकर बातें कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक के रिश्ते की बात को लेकर चाचा हबीब व भतीजे यूसुफ में बहस हो गई और यह मारपीट में बदल गई।
तैश में आकर भतीजे यूसुफ ने चाचा हबीब को धक्का देकर पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान रिश्तेदारों ने बीच-बचाव किया लेकिन यूसुफ बेहोश हो गया। रिश्तेदार उसे बेहोशी की हालत में डॉक्टर के पास ले गए तो डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद आक्रोशित परिजन मृतक का शव गाड़ी में रखकर सीधे असंध थाने पहुंच गए। वहां पुलिस ने शिकायत ले ली और शव को असंध के पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया है। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चला है।
गांव दुपेड़ी निवासी अनीश ने शिकायत दी है कि उसके पिता हबीब की यूसुफ ने हत्या कर दी है। फिलहाल शिकायत के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। शव पोस्टमार्टम के लिए रखवा दिया है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चला है। मामले की जांच शुरू कर दी है। -संजय शर्मा, चौकी प्रभारी सालवन।