फिरोजपुर के गांव टिलू अराई के नजदीक बाइक सवार तीन शातिरों ने फाइनेंस कंपनी के कारिंदे से रुपयों से भरा बैग छीन लिया। बैंग में 52 हजार चार सौ रुपये थे। थाना गुरुहरसहाए पुलिस ने मंगलवार को पीड़ित के बयान पर तीन अज्ञात शातिरों के खिलाफ मामला दर्जकर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पीड़ित परमिंदर सिंह निवासी मलोट जिला मुक्तसर ने पुलिस को बताया कि वह भारत फाइनेंस कंपनी में कार्यरत है। ग्रामीणों से लोन की किस्त जुटाने का काम करते हैं।
परमिंदर ने बताया कि सोमवार शाम को विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से लोन की किस्त लेने के बाद जीवां अराई से जलालाबाद की तरफ लौट रहा था। जैसे ही गांव टिलू अराई के पास पहुंचा तो बाइक पर तीन नकाबपोश शातिर उसके पास पहुंचे और उसे बाइक से गिराकर रुपयों वाला बैग छीनकर फरार हो गए।
बैग में 52 हजार 400 रुपये की नकदी, एक टेबलेट व बायोमैट्रिक फिंगर मशीन थी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज लेकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल गुरुहरसहाए पुलिस ने तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
इसी तरह थाना सिटी फिरोजपुर के अंतर्गत मस्सा सिंह वाली गली में एक व्यक्ति ने बेलपुरी बेचने वाले सुरेंद्र कुमार निवासी मुलतानी गेट फिरोजपुर शहर से 350 रुपये छीनकर भाग गया। वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पहचान लिया। आरोपी की पहचान सलीम निवासी मस्सा सिंह वाली गली के रूप में हुई है। पुलिस ने उक्त आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।