रेवाड़ी पुलिस के लिए सिरदर्द बने रोहतक के गांव निडाना निवासी 50 हजार के ईनामी बदमाश नवीन उर्फ पिटारी को डीजीपी श्रीकांत द्वारा गठित स्पेशल एसआईटी ने उसके साथी मनीष के साथ मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। नवीन पिछले चार सालों से फरार चल रहा था। नवीन की गिरफ्तारी से पुलिस ने भी राहत की सांस ली है।
नवीन पर हरियाणा तथा राजस्थान में हत्या, हत्या का प्रयास, लूट व आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत 9 से अधिक मामले दर्ज हैं। अकेले लाखन माजरा थाना में नवीन के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित तीन मामले दर्ज है और किसी में भी अभी तक उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई थी। नवीन पर रेवाड़ी के थाना शहर में भी मामला दर्ज है।
जिला रोहतक के गांव निडाना निवासी नवीन उर्फ पिटारी रोहतक पुलिस को पिछले चार सालों से छका रहा था। रोहतक के लाखन माजरा थाना में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, घर में घुसकर हथियार के बल पर मारपीट करने, एक परिवार को गोली चलाकर उसे मारने का प्रयास करने तथा एक मामले में भगोड़ा होने व जिला झज्जर में एक परिवार के साथ झगड़ा करने के मामले दर्ज हैं।
बड़ी बात यह है कि इन सभी मामलों में उसकी गिरफ्तारी नहीं हुई थी और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। इसी प्रकार नवीन ने राजस्थान में भी कई संगीन अपराधों को अंजाम दिया था। नवीन के खिलाफ राजस्थान के थाना सिंघाणा में हत्या व लूटपाट के मामले दर्ज है। राजस्थान के ही खेतड़ी नगर व सूरज नगर में विभिन्न धाराओं के तहत तीन अलग-अलग मामले दर्ज है।
पुलिस नवीन की तलाश में जुटी थी कि इसी दौरान एडीजीपी श्रीकांत जाधव द्वारा गठित एसआईटी को उसके बारे में जानकारी मिली। पुलिस ने नवीन का पीछा किया। हालांकि अपना पीछा करते देख नवीन ने पुलिस पर गोलियां चला दी,बावजूद इसके पुलिस ने कदम पीछे नहीं हटाए और उसे गिरफ्तार कर लिया।