फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पिंजौरः जन्मदिन मना रहे युवकों पर ताबड़तोड़ 50 राउंड फायरिंग, एक की मौत, गैंगवार की आशंका

Fri, 29 Jun 2018 09:54 AM IST
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पंचकूला (हरियाणा)
विज्ञापन
demo pic - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
पुरानी रंजिश में कालका के गांव पपलोहा माजरा में करीब तीन गाड़ियों में आए दूसरे गुट के एक दर्जन से अधिक हमलावरों ने दूसरे गुट पर ताबड़तोड़ 50 राउंड फायरिंग कर सनसनी फैला दी। हमले में एक युवक की मौत हो गई जबकि गंभीर रूप से घायल तीन युवकों को पीजीआई रेफर कर दिया गया।  मृतक की पहचान गांव घाटीवाला निवासी 25 वर्षीय विक्रम उर्फ विक्की कैमी के तौर पर हुई है। उधर, युवक की मौत से गुस्साए ग्रामीणों ने करीब छह घंटे तक कालका-पपलोहा रोड पर जाम लगाए रखा।
विज्ञापन


आरोपियों की गिरफ्तारी तक जाम न खोलने पर अड़े ग्रामीणों ने स्थानीय विधायक के खिलाफ भी नारेबाजी की। पुलिस ने इस घटना में 30 आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट, साजिश सहित अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इससे पहले भी एक बार दो गैंग के बीच फायरिंग की घटना हुई थी, जिसे देखते हुए इस वारदात को गैंगवार माना जा रहा है। 

वीरवार को विक्रम उर्फ विक्की कैमी का जन्मदिन था। शाम करीब पांच बजे वह अपने दोस्तों के साथ जन्मदिन मना रहा था। जश्न का मौका होने की वजह से किसी को इस अनहोनी का अंदाजा नहीं था। विक्की अपने दोस्तों के साथ गांव पपलोहा में रेत के टाल में एक गाड़ी में बैठा था। शाम करीब 5.15 बजे तीन गाड़ियों में करीब एक दर्जन अज्ञात युवक मौके पर पहुंचे और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी।
विज्ञापन


फायरिंग के दौरान वहां मौजूद विक्की के शरीर पर कई गोलियां लगीं जबकि अन्य साथी भी गोली और छर्रे लगने से घायल हो गए। एसएचओ कालका कंवलजीत ने बताया कि गोलीबारी महज चंद सेकेंड के लिए हुई और वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी फरार हो गए। वारदात के बाद मौके पर पहुंचकर पुलिस ने छानबीन की तो स्कार्पियों में विक्की कैमी नामक युवक मृत पड़ा था। गोलीबारी में घायल हुए सभी युवकों को कालका सीएचसी ले जाया गया जहां से उन्हें पीजीआई रेफर कर दिया गया।

इस घटना से गुस्साए लोगों ने स्थानीय विधायक के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। गुस्साए ग्रामीणों ने मृतक का शव कालका पपलोहा रोड के बीचोबीच रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। गोलीबारी में माजरा महताब निवासी महेंद्र, हैप्पी व दलीप गंभीर रूप से घायल हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि वारदात को अंजाम देेने के बाद अपराधी हिमाचल प्रदेश में प्रवेश कर, फरार हो गए हैं। 

सीमाएं सील, वाहनों की हो रही है सघन चेकिंग  
घटनास्थल से करीब छह किलोमीटर की दूरी पर हिमाचल प्रदेश की सीमा है, जिधर वारदात के बाद अपराधी फरार हो गए। घटना के बाद आसपास की सभी सीमाएं सील कर दी गई हैं। उधर, पंचकूला पुलिस ने भी चंडीगढ़, हिमाचल प्रदेश और पंजाब को जाने वाले सभी रास्तों पर नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग में जुटी हुई है।   

डीसीपी ने किया मौके का मुआयना  
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों ने कुछ सेंकेंड में ही करीब 50 राउंड फायरिंग कर डाली। घटना के बाद मौके पर सीन ऑफ क्राइम, डीसीपी सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और मामले को शांत करवाने में जुटे रहे। जाम न खोलने की जिद पर अड़े ग्रामीणों से पंचकूला के डीसीपी आरके मीना ने जाम खोलने की अपील की लेकिन खबर लिखे जाने तक जाम नहीं खोला गया था व मृतक का शव भी मौके पर ही पड़ा था। 

पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी भी पहुंचे मौके पर  
कालका के पूर्व विधायक प्रदीप चौधरी भी देर शाम मौके पर पहुंचे और मृतक के परिजनों को सांत्वना दी। चौधरी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया की वह उनके साथ हैं, चौधरी ने डीसीपी से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।  

भाजपा नेता का बेटा भी था आरोपियों के निशाने पर  
भाजपा नेता सुच्चा राम माजरा ने बताया कि आरोपियों का मकसद उनके बेटे को भी निशाना बनाना था। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि भाजपा की सरकार होते हुए भी पार्टी के नेताओं पर ही हमले किए जा रहे हैं तो जनता कैसे सुरक्षित महसूस कर सकती है।  

गोलियों के खोल बरामद, विक्की के सिर पर मारी गोली  
आरोपियों के पास 12 बोर का असलहे थे, जिसके खोल भी पुलिस ने मौके से बरामद किए हैं। विक्की के दोस्त और मौके पर मौजूद योगराज पिंकी ने बताया कि वह सभी गाड़ी में बैठे थे, इतने में कुछ लोग मौके पर आए और ताबड़तोड़ फायरिंग कर उन्होंने विक्की कैमी के सिर पर गोली मार कर उसे मौत के घाट उतार दिया। अन्य लोगों पर आरोपियों ने गोलियां दागीं, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए।

थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के वक्त कार में मौजूद योगराज पिंकी की शिकायत पर 30 लोगों के खिलाफ 148, 149, 302, 307, 427, 120बी, 322 व आर्मस एक्ट की धारा 54, 25, 59 व अन्य के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें