पंजाब के जालंधर में आर्मी ऐनक्लेव फेज-1 में कर्ज से परेशान दो बच्चों की मां ने मंगलवार को पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान परमजीत कौर (40) के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवा दिया। मृतका की मां होशियारपुर के गांव मेहटीआणा निवासी राज रानी ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी की 17 साल पहले जालंधर कैंट के अमित कुमार के साथ शादी हुई थी। उसके दो बच्चे हैं, जिसमें एक की उम्र 15 और दूसरे की 10 साल है।
राज रानी ने पुलिस को बताया कि परमजीत कौर आम आदमी क्लीनिक में काम करती थी। वहीं, पति अमित कुमार गांव में ही एक क्लीनिक चलाता था। परमजीत कौर पिछले काफी समय से अपने कर्ज को लेकर परेशान रहती थी। इसके चलते उसने ये कदम उठाया। थाना सदर के प्रभारी भरत मसीह ने बताया कि परमजीत कौर ने अपने घर में ही फंदा लगाकर आत्महत्या की है।
पोस्टमॉर्टम के बाद पुलिस शव को परिवार को सौंप देगी। पुलिस को घटनास्थल पर कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। न ही परिवार द्वारा किसी पर कोई शक जताया गया है। इसके चलते पुलिस ने 174 की कार्रवाई की है।