बावल चौक के समीप स्थित एसबीआई का यह एटीएम बूथ लंबे समय से बदमाशों के निशाने पर था। बदमाशों ने सोमवार रात को मशीन को तोड़कर उसमें से 30 लाख 10 हजार 500 रुपये चोरी कर लिए। बदमाशों ने पहले गैस कटर मशीन की मदद से एटीएम बूथ के शटर के लॉक को काटा और वारदात को अंजाम दिया। सुबह करीब साढ़े छह बजे सफाईकर्मी सुरेश कुमार यहां पर पहुंचा तो उसने देखा कि बूथ का शटर व मशीन टूटी हुई है और मशीन से नकदी भी गायब है तो उसने बैंक प्रबंधक को घटना के बारे में जानकारी दी।
बैंक प्रबंधक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी। मॉडल टाउन थाना पुलिस ने एटीएम में नकदी चोरी के मामले में एजीएस लॉजिस्टक ट्रांसपोर्ट एजेंसी के कर्मचारी नीरज कुमार की शिकायत पर चोरी का केस दर्ज कर लिया है। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा है।
उधर एटीएम बूथ को तोड़कर इतनी बड़ी नकदी चोरी के बाद पुलिस प्रशासन की तरफ से दीपावली के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौंबद रखे जाने का किया जा रहा दावा भी सवालों में आ गया है। इससे पूर्व बदमाशों ने मई माह में इसी एटीएम को तोड़कर साढ़े चार लाख रुपये की नकदी उड़ाई थी और उसके बाद जुलाई माह में फिर इसको निशाना बनाया था।
सुरक्षा एजेंसी के प्रबंधक की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल बदमाशों का कोई सुराग नहीं लग पाया है। बूथ पर सुरक्षा गार्ड तैनात नहीं था। सीसीटीवी भी तोड़ दिए गए थे। -एएसआई गिरिराज, थाना मॉडल टाउन