बवानीखेड़ा के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट में शनिवार रात यहां काम करने वाले एक कर्मचारी की तीन दोस्तों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के 40 फुट गहरे टैंक में फेंक दिया। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर तीनों दोस्तों के खिलाफ हत्या का केस दर्जकर लिया है। मामला देर रात का है।
बवानीखेड़ा के वाटर ट्रीटमेंट प्लांट पर हिसार निवासी 25 वर्षीय युवक राजेंद्र लंगड़ा कार्य करता था। रात को उसका प्लांट पर काम करने वाले ही तीन युवकों के साथ झगड़ा हो गया। झगड़े में हाथापाई होने लगी। चौकीदार ने इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस जब पहुंची तो वहां कोई नहीं मिला। सुबह राजेंद्र का शव प्लांट के 40 फुट गहरे टैंक में मिला। जिसके बाद मृतक के परिजनों को सूचित किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह लाया गया।
यह भी पढ़ें- जींद में दर्दनाक हादसा : बस ने बाइक को मारी टक्कर, मां-बेटी और एक बच्चा समेत चार की मौत
मृतक के शरीर पर चोट के काफी निशान थे। रॉड से युवक पर हमला किया गया। सूचना के बाद बवानीखेड़ा थाना पुलिस के अलावा एफएसएल टीम भी मौके पर पहुंची और निरीक्षण कर तथ्य जुटाए। मामले में एसएचओ बवानीखेड़ा रवींद्र कुमार ने बताया कि रात को मजदूरों में झगड़े की सूचना आई थी। पुलिस कर्मी गए तो वहां कोई नहीं मिला। आज सुबह सूचना मिली कि टैंक में एक युवक का शव है। परिजनों की शिकायत पर तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें- रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाता है देसी गाय का पंचामृत, शोध में हुआ बड़ा खुलासा, हिंदू धर्म में भी खास महत्व