गुरदासपुर के बॉर्डर एरिया से पांच किलो हेरोइन बरामद
- फोटो : अमर उजाला
बीएसएफ ने मंगलवार रात गुरदासपुर के बॉर्डर एरिया की चौंतड़ा पोस्ट से पांच किलो हेरोइन बरामद की है। तस्कर फरार होने में कामयाब रहे। डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल आरएस कटारिया ने बताया कि मंगलवार रात गुरदासपुर के गांव चौंतड़ा की चेक पोस्ट पर फेंसिंग के पास कुछ हलचल दिखाई देने पर बीएसएफ की ओर से फायरिंग की गई।
तस्कर अंधेरे का फायदा लेते हुए वापस पाकिस्तान की तरफ भाग गए। हलचल वाली जगह पर तलाशी के दौरान बीएसएफ ने पांच पैकेट हेरोइन बरामद की। कटारिया ने बताया कि बीएसएफ की सजगता से एक बार फिर मुंह की खानी पड़ी। यह सजगता आगे भी कायम रहेगी। बीएसएफ गुरदासपुर के डीआईजी ए श्रीनिवास ने बीएसएफ की प्रशंसा करते हुए उन्हें भविष्य में भी सजग रहने के लिए कहा ।