अमृतसर की फताहपुर केंद्रीय जेल में सर्च के दौरान 21 मोबाइल और भारी मात्रा में बीड़ी, सिगरेट और तंबाकू के पैकेट मिले है। जेल अधीक्षक सुरिंदर सिंह के नेतृत्व में मंगलवार को जेल के अंदर बैरकों में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान उक्त बरामदगी होने के बाद तीन लोगों के खिलाफ इस्लामाबाद थाने में एफआईआर दर्ज करवा दी गई है।
केंद्रीय जेल के सहायक अधीक्षक सरबजीत सिंह और नरिंदर सिंह के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया गया। इस दौरान 21 मोबाइल मिले हैं। जेल प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। इस्लामाबाद थाना प्रभारी परनीत सिंह ढिल्लों ने कहा कि जेल में जहां से सामान फेंका जाता है, उन स्थानों पर पीसीआर और पुलिसवालों को तैनात किया गया है।
सहायक जेल अधीक्षक सरबजीत सिंह के नेतृत्व वाली टीम ने जेल में बंदी करण सिंह के कब्जे से बैटरीयुक्त एक मोबाइल और सिमकार्ड व मोनू के कब्जे से बैटरीयुक्त एक की-पेड वाला मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किया है। इसी तरह सहायक जेल अधीक्षक नरिंदर सिंह की टीम ने सर्च के दौरान तरनतारन के थाना भिखीविंड के गांव भारसके कलां के बंदी कमलजीत सिंह से एक मोबाइल और चार्जर बरामद किया गया है। जेल अधीक्षक सुरिंदर सिंह ने बताया कि जेल के ओपन स्पेस पर लगातार नजर रखी जा रही है और जेल के बाहर भी कुछ गार्ड तैनात किए गए हैं, ताकि जेल के अंदर सामान फेंकने वालों को काबू किया जा सके।
जेल परिसर में 18 मोबाइल मिले
जेल के सहायक अधीक्षक सरबजीत सिंह के नेतृत्व में चलाए गए सर्च अभियान के दौरान जेल परिसर में 18 मोबाइल मिले हैं। इन मोबाइल को अन्य सामान के साथ बाहर से किसी ने जेल परिसर के अंदर फेंका था। मोबाइल के अलावा सिगरेट के 181 पैकेट और तंबाकू के 20 पैकेट मिले हैं। सर्च अभियान में की-पेड वाले 10 मोबाइल, नोकिया के की-पैड वाले दो मोबाइल, एक चाइनीज मोबाइल, दो टचस्क्रीन मोबाइल और तीन अन्य मोबाइल के साथ छह चार्जर और दो हेडफोन मिले हैं।