चोरों ने सेक्टर-22 की बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा से करीब 20 लाख रुपये के गहने और जरूरी दस्तावेज उड़ा दिए। घटना का खुलासा उस समय हुआ जब दंपति लॉकर में अपने गहने चेक करने गया।
घटना करीब दो सप्ताह पहले की है। फिलहाल, सेक्टर-22 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच कर दी है। सेक्टर-23 निवासी रिटायर्ड प्रोफेसर महेश चंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में कहा, करीब दो सप्ताह पहले बैंक में गहने चेक करने गए तो देखा लॉकर से गहने गायब हैं।
पीड़ित ने बताया गहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये है। वहीं, शिकायतकर्ता की पत्नी पुष्पा ने बताया कि अंतिम बार उन्होंने 5 अगस्त को लॉकर ऑपरेट किया था। इसके बाद 9 नवंबर को बैंक से फोन आया कि लाकर खुला हुआ है। जब बैंक जाकर लॉकर चेक किया गया तो गहने और जरूरी दस्तावेज गायब थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, यह गहने उनके बहू-बेटियों के थे। शिकायतकर्ता ने इस मामले की शिकायत सेक्टर-22 चौकी में 9 नवंबर को ही दर्ज करा दी थी, लेकिन पुलिस अब मामला दर्ज किया है।
डीएसपी आशीष कपूर का कहना है कि शिकायत की जांच करने के बाद ही मामला दर्ज किया गया है। अभी जांच के दौरान बैंक प्रबंधन से भी पूछताछ की जाएगी।