एक ओर शहर में फेस्टिवल सीजन जोरों पर है, वहीं दूसरी ओर दो नाबालिगों से दुराचार के अलग-अलग मामले सामने आए हैं। इनमें से एक में बाप ने बेटी को ही हवस का शिकार बनाया तो दूसरे मामलों में सेक्टर-8 के स्कूल से ही पास आउट युवक ने स्कूली छात्रा को हवस का शिकार बनाया। पुलिस ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पहला केस
पहले मामले में अपनी ही मासूम बेटी को हवस का शिकार बनाने वाले आरोपी पिता के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। सेक्टर-11 थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसे अदालत में पेश किया, कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। मामले के अनुसार, सात वर्षीय बेटी को घर में अकेला पाकर पिता ने उसे हवस का शिकार बना डाला। मां के घर लौटने पर बच्ची ने उसे पिता की करतूत के बारे में बताया। पति की इस हरकत से दंग महिला ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने बच्ची का मेडिकल करवाने के बाद पिता के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
दूसरा मामला
11वीं की स्टूडेंट और पंचकूला निवासी नाबालिग से शादी का झांसा देकर दुराचार के मामले में सेक्टर-3 थाना पुलिस ने डड्डूमाजरा निवासी 20 वर्षीय साहिल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पीड़िता के धारा 164 के तहत मजिस्ट्रेटी बयान दर्ज कराने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया। वहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस को दी शिकायत में पंचकूला निवासी नाबालिग ने कहा कि उसके स्कूल से ही पास आउट छात्र साहिल से उसकी दोस्ती थी। साहिल ने शादी का झांसा देकर उससे कई बार दुराचार किया। बीते दिन पीड़िता ने उससे शादी करने की बात कही तो साहिल ने इंकार कर दिया। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया तो उसमें दुराचार की पुष्टि हो गई। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज कर साहिल को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता शहर के एक सरकारी स्कूल में 11वीं की स्टूडेंट है।