कॉलेजों और पीजी के युवकों को हेरोइन सप्लाई करने जा रहे जीजा-साला को सीआईए स्टाफ ने सहौड़ा के पास से गिरफ्तार किया है। उनसे 36 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। आरोपियों को रविवार अदालत में पेश किया जाएगा। सीआईए स्टाफ ने शनिवार को सर्च अभियान चलाया हुआ था।
इसी बीच सूचना मिली कि कुलवंत सिंह (36) निवासी कपूरथला और गुरमीत सिंह (26) निवासी मोगा सहौड़ा के पास स्थित रिहायशी सोसाइटीज और कॉलेजों के विद्यार्थियों को हेरोइन सप्लाई करने जा रहे हैं। इसी बीच पुलिस की टीम मौके पर पहुंची।
सहौड़ा बस स्टैंड के पास पैदल जा रहे दोनों को पुलिस ने जांच के लिए रोका तो उनसे 36 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक दोनों बेरोजगार हैं और पैसा कमाने के लिए नशा तस्करी करते थे। बता दें कि यहीं नजदीक ही बड़े नामी कॉलेज और यूनिवर्सिटीज भी हैं।
पक्के ग्राहक हैं, पंजाब से लाते थे हेरोइन
पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपियों का कहना है कि उनके ग्राहक कॉलेज जाने वाले छात्र और पीजी वाले युवा रहते थे। वे उनके पक्के ग्राहक थे। डिमांड पर ही हेरोइन मुहैया करवाई जाती थी। सारा काम कोडवर्ड में चलता है। उनका कहना है कि पंजाब के विभिन्न जिलों से वह हेरोइन ले आते थे।
पुलिस नेटवर्क तलाशने में जुटी
पुलिस पकड़े गए दोनों आरोपियों से उनका नेटवर्क तलाशने की कोशिश में जुट गई है। वहीं, पुलिस ने कपूरथला और मोगा पुलिस को भी उनके बारे में अलर्ट भेजा है। साथ ही उनके बारे में सारी डिटेल मंगवाई है, ताकि केस को हल किया जा सके। इसके अलावा पुलिस पंचकूला में पकड़े गए आरोपियों से इनका लिंक तलाशने में जुटी हुई है।