मलोया में स्थित स्नेहालय में दो साल से रह रहीं दो नाबालिग लड़कियों ने रविवार शाम को फिनायल पीकर खुदकुशी का प्रयास किया।
दोनों को मोबाइल मिलने पर वार्डन ने डांटा था, जिससे वे गुस्से में थी। तबीयत बिगड़ने पर दोनों को वहां से जीएमएसएच-16 अस्पताल ले जाया गया। वहां दोनों को 24 घंटे ऑब्जर्वेशन में रखने के बाद सोमवार दोपहर को छुट्टी दे दी गई। वहीं पुलिस ने डीडीआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
अस्पताल में दोनों लड़कियों ने बताया कि रविवार को उनकी वार्डन से मोबाइल रखने को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद उन्होंने गुस्से में आकर फिनायल की बोतल से आधी-आधी फिनायल पी ली।
नहीं है मोबाइल रखने की इजाजत
स्नेहालय के अधिकारियों का कहना है कि स्नेहालय में किसी भी बच्चे को मोबाइल रखने की इजाजत नहीं है और जब लड़कियों से मोबाइल फोन बरामद हुआ तो उनको डांटा गया था। बता दें कि मलोया स्थित स्नेहालय से कुछउ समय पहले बच्चे दीवार फांद कर भाग गए थे।