एक ही रात में 5 दुकानों के ताले तोड़ लाखों का मोबाइल चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। चोरों के हौसले कितने बुलंद है और सुरक्षा को लेकर पंचकूला पुलिस कितना मुस्तैद है इसका अंदाजा रायपुररानी ब्लॉक के गांव गढ़ी कोटाहा में हुई घटना से लगाया जा सकता है। यहां चोरों ने एक ही रात में पांच दुकानों के ताले तोड़कर लाखों के मोबाइल चुरा लिए। चोरों ने वारदात को अंजाम मंगलवार रात को दिया। घटना की जानकारी तब लगी जब दुकानदार बुधवार को काम पर पहुंचे। उन्होंने वारदात की सूचना तत्काल पुलिस को दी। पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि जिन 5 दुकानों के ताले चोरों ने तोड़े, उनमें से 2 दुकानों से तारों के बंडल सहित अन्य सामान चोरी हुआ है। वहीं चोरी की वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। चोरी की घटना के बारे में दुकानदारों को तब पता चला, जब दुकानदार सुबह अपनी दुकानों को खोलने के लिए पहुंचे। दुकानों के ताले टूटे देख दुकानदारों ने चोरी होने की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची। फिलहाल पुलिस और सीन ऑफ क्राइम टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है।