असलहा तस्करों ने नाका तोड़ सिपाही को मारी टक्कर
सेक्टर-11-15 के भगत सिंह चौक पर वारदात, गुप्त सूचना पर पुलिस ने लगाया था नाका
जवानों ने घायल को पहुंचाया सेक्टर-6 अस्पताल
हालत गंभीर होने के कारण अल्केमिस्ट अस्पताल में किया भर्ती
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। बदमाशों में पंचकूला पुलिस का खौफ कितना है इसका अंदाजा शनिवार की घटना से सहज लगाया जा सकता है। गुप्त सूचना के आधार पर लगे नाके को न केवल असलहा तस्करों ने तोड़ दिया, बल्कि मौके पर तैनात एक सिपाही को भी गाड़ी से टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गए। वहां तैनात अन्य जवान घायल को लेकर तत्काल सेक्टर-6 सामान्य अस्पताल पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे वहां से अल्केमिस्ट अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि जवान का दायां पैर बुरी तरह जख्मी है। पुलिस ने गाड़ी के नंबर को ट्रेस कर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-19 क्राइम ब्रांच थाना इंस्पेक्टर कमलजीत ने बताया था कि उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि दो लोग असलहा की सप्लाई देने जा रहे हैं। वह सेक्टर-11-15 स्थित शहीद भगत सिंह चौक से गुजरेंगे। सूचना के आधार पर उन्होंने शनिवार रात करीब साढ़े आठ बजे शहीद भगत सिंह चौक में नाका लगा रखा था। करीब सवा नौ बजे सूचना के आधार गाड़ी आती दिखाई दी, जिसे घेराबंदी कर रुकने का इशारा किया गया। जैसे ही गाड़ी रुकी सिपाही राम निवास आगे बढ़ा, लेकिन तस्कर ने एकदम गाड़ी की स्पीड बढ़ा दी और नाके को तोड़ सिपाही को अपनी चपेट में ले लिया। उन्होंने बताया कि तत्काल जवान को सेक्टर-6 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उसे अल्केमिस्ट अस्पताल रेफर कर दिया गया। सिपाही राम निवास के दाएं पैर में गहरी चोट आई है।
पहले गाड़ी बैक की फिर चढ़ा दी
क्राइम ब्रांच इंस्पेक्टर कमलजीत ने बताया कि असलहा तस्करों ने पहले गाड़ी बैक की फिर स्पीड बढ़ाकर दो बार जवान पर गाड़ी चढ़ा दी। उन्होंने बताया कि जब तस्करों ने नाका लगा देखा तो उन्होंने भागने की कोशिश की। भागने के लिए पहले उन्होंने गाड़ी बैक की, लेकिन पीछे एक और गाड़ी होने के कारण वह भाग नहीं पाए। इसके बाद उन्होंने गाड़ी की स्पीड बढ़ाकर सीधे नाके को तोड़ा और जवान को घायल कर दिया। उन्होंने बताया कि उन्हें लगातार उनके गाड़ी की लोकेशन मिल रही थी। सूचना बिलकुल सही थी। यदि जवान घायल न होता तो किसी भी सूरत में बचकर नहीं निकल सकते थे।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना
क्राइम ब्रांच के जवानों ने बताया कि जहां गाड़ी का नंबर ट्रेस कर लिया गया है, वहीं नाके के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में असलहा तस्करों की तस्वीर भी कैद हो गई है। सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान की कोशिश की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम का गठन किया गया है, जो लगातार छापामारी कर रही है। इंस्पेक्टर कमलजीत ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कई संगीन धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। पंचकूला के अन्य पुसिल जवान भी उनकी तलाश में जानकारी जुटा रहे हैं। बहुत जल्द ही गाड़ी समेत उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि सिपाही राम निवास के पैर में गहरी चोट आई है। डॉक्टरों ने बताया है कि टूटी हुई हड्डी को जोड़ने के लिए उन्हें ऑपरेशन करना पड़ेगा।