पंचकूला के अधिकांश सीसीटीवी कैमरों की डायरेक्शन गलत
मेंटेनेंस के अभाव में सीसीटीवी में कैद नहीं होते अपराधी
- पंचकूला के अधिकांश सीसीटीवी कैमरों की डायरेक्शन गलत
- नगर निगम के पास है मेंटेनेंस की जिम्मेदारी
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। शहर अपराध और अपराधियों का गढ़ बनता जा रहा है। आए दिन लूट, मर्डर, स्नैचिंग की वारदात आम हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता न होने से अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से शहर से बाहर निकल जाते हैं और पुलिस हाथ मलती रह जाती है। एस्केप रूट पर नाके लगते हैं और सीसीटीवी कैमरे भी लगे हैं, लेकिन एंट्री और एग्जिट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी महज शोपीस साबित हो रहे हैं। यही कारण है कि पुलिस अपराधियों तक पहुंच नहीं पाती है। इन सीसीटीवी की डायरेक्शन तक सही नहीं है और न ही ये रिकॉर्डिंग कर पाते हैं। रात को आपराधिक वारदात होती है तो इन कैमरों से आरोपियों की पहचान तक नहीं की जा सकती है।
पंचकूला के साथ-साथ पंचकूला-यमुनानगर हाईवे और जीरकपुर-शिमला हाईवे लगता है। ऐसे में घटना को अंजाम देकर अपराधी आसानी से हाईवे से फरार हो सकते हैं। हाईवे पर नाका नहीं लगता। पंचकूला के एक तरफ पंजाब बॉर्डर एरिया में बलटाना, जीरकपुर, पीरमुछल्ला, हरमिलाप नगर लगते हैं। यहां तो सीसीटीवी लगे हैं और नाका लगता है। सेक्टर-20 के साथ-साथ शहर में गश्त काफी कमजोर है।
यहां लगे हैं सीसीटीवी कैमरे
शहर की सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के लिए वर्तमान में कुल 48 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। जबकि आने वाले दिनों में इसे बढ़ाकर 376 करने की योजना है। इस दिशा में कार्य तेजी से चल रहा है। अभी माजरी चौक, ओल्ड पंचकूला लाइट प्वाइंट, रामगढ़ लाइट प्वॉइंट, 4/5 रेड लाइट, एमडीसी टी प्वाइंट बैरियर, 17/18 चौक, रेड बिशप चौक, अमरटैक्स लाइट प्वाइंट, जीरकपुर एंट्रेंस प्वाइंट, सेक्टर 12 में ट्रैफिक पार्क के सामने, तवा चौक, 11/15 चौक पर सीसीटीवी लगे हैं। कालका के गांधी चौक और पिंजौर के टी प्वाइंट और मल्लाह मोड़ पर भी सीसीटीवी लगे हैं।
अढ़ाई लाख की लूट करने वाला गिरफ्तार
7 अक्तूबर 2017 को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 पंचकूला में 11 अगस्त को गोली मारकर 2.50 लाख रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया था। वारदात आल्टो के-10 कार में की थी।
अकाउंटेंट को गोली मार कर दो लाख रुपये लूटे
11 अगस्त 2017 को पंचकूला के औद्योगिक क्षेत्र में दो बदमाशों ने श्रीराम इलेक्ट्रिकल कंपनी के अकाउंटेंट राकेश तिवारी को गोली मारकर दो लाख रुपये लूटे थे। बदमाश वारदात के बाद कार में भाग गए थे। गोली अकाउंटेंट की बाजू में लगी थी।
लूटने के बाद मार दी थी गोली
06 अगस्त 2017 को इंडस्ट्रियल एरिया फेज-दो में गोली मारकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। हालांकि पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने 10 वारदात की बात कबूल की थी। इंडस्ट्रियल एरिया की वारदात आल्टो कार में की थी।
बाइक सवारों ने 2600 रुपये लूटे
19 जुलाई 2018 को पंचकूला के औद्योगिक क्षेत्र में अभयपुर निवासी धर्मराज से 2600 रुपये और मोबाइल लूट लिया था। मौके से फरार हुए संतोष को भी पुलिस ने दबोच लिया था। धर्मराज के मुताबिक देर रात पैदल अपने घर लौटते समय बाइक सवारों ने चाकू की नोक पर पैसे और मोबाइल लूट लिए थे।
अन्य वारदातें
नवंबर 2007 में अमरटैक्स सड़क पर एक कार में सवार दो लड़कों से 4.84 लाख रुपये की लूट मारुति जेन कार में हुई थी।
- मार्च 2008 में शिक्षा सदन सेक्टर-5 के पीछे बाइक पर जा रहे दो लड़कों से 40 हजार रुपये लूटे थे।
- अगस्त 2009 में सेक्टर-5 पेट्रोल पंप से 2.15 लाख रुपये लूट थे।
- 2012 में विशाल मेगा मार्ट सेक्टर-5 से सिक्योरिटी वैन से 16 लाख रुपये लूटे थे।
- मई 2012 में आईसीआईसीआई बैंक सेक्टर-11 के पीछे एक लड़के को गोली मारकर 4.50 लाख रुपये लूटे थे।
- जनवरी 2013 में सेक्टर-14 से सिक्योरिटी वैन से कैश छीनकर फरार हो गए थे।
निगम की ओर से राउंड अबाउट की हालत को सुधारा जा रहा है, जिसके चलते शहर के सभी सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े हैं। यही कारण है कि अपराधी वारदात को अंजाम देकर आसानी से भाग निकलते हैं। - अभिषेक जोरवाल, डीसीपी पंचकूला।
शहर में जितने भी सीसीटीवी कैमरे लगे हैं सभी काम कर रहे हैं। कुछ दिन पहले मेंटेनेंस के लिए सर्वर को बंद किया गया था। - राजेश जोगपाल, निगम प्रशासक पंचकूला।