मामूली बात को लेकर हुई कहासुनी, छूरी से काट दिया अंगूठा
- सेक्टर-17 के इंदिरा कालोनी में शनिवार देर रात हुआ विवाद
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। सेक्टर-17 की इंदिरा कॉलोनी में शनिवार को मामूली बात को लेकर दो लोगों के बीच कहासुनी हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि एक गुट के व्यक्ति ने छुरी मारकर दूसरे गुट के एक व्यक्ति का अंगूठा काट दिया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, इंदिरा कालोनी में शनिवार देर रात दो व्यक्तियों ने तेजधार हथियार से एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। हमले में व्यक्ति का आधा अंगूठा कटकर नीचे गिर गया, जिसके बाद आरोपी व्यक्ति मौके से फरार हो गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विनोद का इंदिरा कालोनी के ही मित्ति और काका नाम के व्यक्तियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। विनोद के अनुसार मित्ति ने छुरी मारकर उसका अंगूठा काट दिया। अंगूठा कटने के बाद विनोद काफी जोर से चिल्लाया तो आरोपी मौके से भाग निकले। इसके बाद विनोद ने अपने परिजनों को सूचना दी। जिसके बाद वह मौके पर आए और मामले की शिकायत पुलिस को दे दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी। सेक्टर-16 चौकी प्रभारी बलदेव कुमार ने बताया कि मामले की शिकायत मिल गई है और जांच के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।