गोरखपुर। रेलवे भर्ती बोर्ड की ग्रुप डी की परीक्षा में रविवार को बशारतपुर स्थित परीक्षा केंद्र से एक और सॉल्वर पकड़ा गया। परीक्षा केंद्र संचालक की तहरीर पर शाहपुर पुलिस ने केस दर्ज कर युवक को हिरासत में ले लिया। इस परीक्षा में अब तक गोरखपुर शहर से पांच समेत कुल 10 से ज्यादा सॉल्वर पकड़े जा चुके हैं।
रेलवे ग्रुप डी की लेवल वन की परीक्षा के दौरान सुबह की पॉली में इंदिरा ऑनलाइन सेंटर पर नालंदा बिहार के दीपक कुमार पुत्र मुन्ना प्रसाद की जगह नालंदा बिहार के ही प्रकाश सौरभ परीक्षा देने आया था।
उसने निर्वाचन पहचान पत्र में छेड़छाड़ कर कूटरचित पहचान पत्र तैयार किया था। संदेह होने पर अधिकारियोें ने जांच की तो पहचान पत्र फर्जी मिला। केंद्र संचालक ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने प्रकाश सौरभ को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। रेलवे भर्ती बोर्ड गोरखपुर की ओर से 46 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जा रही है।