फर्जी जमानत रैकेट का खुलासा, एक गिरफ्तार
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। अदालतों में फर्जी जमानत देने वाले रैकेट का खुलासा हुआ है। सोमवार को एक मामले की सुनवाई के दौरान अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश नरेंद्र सूरा की अदालत में इस रैकेट का खुलासा होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान खड़क मंगोली निवासी जय नारायण के तौर पर हुई है जो एक मामले में आरोपी रोहित गुप्ता के मामले में बतौर सिक्योरिटी अदालत आया था। पकड़े जाने पर आरोपी ने मान लिया है कि वह इससे पहले भी कई मामलों में सिक्योरिटी दे चुका है।
मामला संज्ञान में आने पर न्यायाधीश ने पंचकूला पुलिस को केस दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करने के आदेश दिए, जिसे बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। सेक्टर-पांच थाना के एसएचओ करमवीर सिंह ने बताया कि आरोपी को मंगलवार को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड लिया गया। इस मामले में होने वाली पूछताछ के दौरान कुछ और आरोपियों के नाम का खुलासा होने की भी संभावना जताई जा रही है।