पहले शेफ की कार में मारी टक्कर, फिर गन प्वाइंट पर लूटी
- सेक्टर-41 निवासी शेफ होटल से लौट रहे थे अपने घर
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
रात करीब दो बजे सेक्टर-41 निवासी अनिल कुमार से गन प्वाइंट पर आरोपियों ने स्विफ्ट डिजायर लूट ली। आरोपियों ने पहले अनिल कुमार की कार में टक्कर मारी। टक्कर लगने पर जैसे ही अनिल कार से बाहर निकले, आरोपियों ने गन प्वाइंट पर कार लूट ली और फरार हो गए। अनिल, मोरनी रोड स्थित होटल रेड वुड में शेफ का काम करते हैं। वह अपने होटल से घर के लिए लौट रहे थे, इसी दौरान आरोपियों ने इस वारदात को अंजाम दिया। पिछले कुछ महीनों में पंचकूला में इससे तरह की कई और वारदातें हो चुकी हैं।
तीन गाड़ियों को लूटने वाले आरोपियों को भेजा न्यायिक हिरासत में:
पंचकूला। गन प्वाइंट पर फॉर्च्यूनर सहित पंचकूला से तीन गाड़ियों को लूटने वाले आरोपियों को रिमांड के बाद अदालत में पेश किया गया। पंजाब से लाए गए दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पंजाब के मोगा निवासी जयपाल और फिरोजपुर निवासी हरसिमरन को प्रोडक्शन रिमांड पर लेकर पुलिस आई थी। रिमांड के दौरान दोनों आरोपियों से हुई पूछताछ में लूट के कुछ और मामलों का खुलासा हुआ। हाल ही में पंजाब पुलिस ने गन प्वाइंट पर कार लूटने वाले गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया था।