जान से मारने की कोशिश की तो बेटियों ने सीएम से लगाई गुहार
सीएम विंडो में दी शिकायत में कहा- सभी को जीने का है अधिकार, हमें इंसाफ चाहिए
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
बुढनपुर में जमीनी विवाद के मामले में तीन बेटियों को अपना आशियाना तक छोड़ना पड़ा। वह अपने माता पिता के पास नहीं रिश्तेदारों के घर रहती हैं। आरोप है कि कुछ दिन पहले कुछ बदमाशों ने उन्हें जान से मारने की कोशिश की। वारदात के बाद उनके माता-पिता काफी डर गए। बेटियों के अभिभावकों ने पुलिस और जिला प्रशासन को इस बारे में कई बार अवगत कराया। लेकिन कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं हुआ। जब इंसाफ नहीं मिला तो हारकर बेटियों ने खुद एक अगस्त को सीएम विंडो में शिकायत दी।
शिकायत के मुताबिक पंचकूला के सेक्टर 16 के बुढ़नपुर में केके शर्मा के नाम पर दो कनाल सात मरला जमीन है। इस जमीन पर पूजा पाठ के लिए उन्होंने मंदिर का निर्माण कराया था। लेकिन जमीन पर कुछ लोगों ने अवैध कब्जा कर लिया था और वहां पर बैठा भगत रोशन लाल अपने आप को भगवान बताने लगा। उसके साथ मिले कुछ शरारती तत्व कृपाल सिंह, साधु सिंह, रिंकू काला, दीपा भगत, व अन्य लोगों ने जान से मारने की धमकी दी और गला दबाकर जान से मारने की कोशिश की। यही नहीं बेटियों के मुताबिक कई बार ये तलवारें और डंडे लेकर हमले का प्रयास भी कर चुके हैं। बेटियों का आरोप है कि उनके पास जमीन के सारे असली डॉक्यूमेंट हैं। उन्होंने सीएम से गुहार लगाई है कि सबको सुकून से रहने का अधिकार है। ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्हें इंसाफ चाहिए।