जालंधर में जमशेर खास के पास देर रात शादी से लौट रहे तीन युवकों पर करीब 15 लोगों ने घेरकर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। वारदात में दो युवक गंभीर रूप से जख्मी हैं। वहीं एक को मामूली चोट आई है। घायलों को देर रात जालंधर के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। एक युवक की तेजधार हथियार के वार से नाक कट गई। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
अस्पताल में उपचाराधीन जमशेर खास निवासी रंजीत सिंह ने बताया कि वह अपने भाई मंगा और दोस्त सागर के साथ सोमवार की रात शादी समारोह में शामिल होने गए थे। देर रात जब वह शादी में लौटने लगे तो कुछ आरोपियों ने उनका पीछा किया। कुछ दूर पहुंचते ही आरोपियों ने अपनी कार से मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी। इससे वह गिर पड़े। इसके बाद आरोपियों ने तेजधार हथियारों और रॉड से हमला करना शुरू कर दिया।
इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले। आरोपी अफरा-तफरी अपना फोन घटनास्थल पर ही छोड़ गए। पीड़ितों ने आरोप लगाया है कि उक्त आरोपी जाते जाते उनके दो आई फोन और एक फोन व सोने की चेन अपने साथ ले गए। रंजीत सिंह ने जंडियाला के रहने वाले मंगल, जग्गा, विक्की और करीब 12 अज्ञात पर हमला करने का आरोप लगाया।
पीड़ित ने बताया कि आरोपियों के साथ कुछ दिन पहले मामूली बहस हुई थी। इसके बाद देर रात आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपी एक इनोवा और एक आई-20 कार पर सवार होकर आए थे। पुलिस ने घायलों की शिकायत दर्ज कर जांच शुरु कर दी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।