मृतक की फाइल फोटो व कार्रवाई करती पुलिस।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
हरियाणा के भिवानी जिले के गांव चांग निवासी एक किशोर ने स्कूल में मारपीट से आहत होकर फांसी लगा ली। आनन-फानन छात्र के परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अमन (15) नौंवी कक्षा का छात्र था। इस बारे में सूचना पुलिस को दी गई। सूचना के आधार पर सदर थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
पिता ने पुलिस को दी शिकायत में निजी स्कूल के प्रिंसिपल, स्टाफ सदस्य व स्कूल के एक अन्य विद्यार्थी व उसके माता-पिता पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बिना नामजद किए छह पर केस दर्जकर लिया है और अपनी आगामी कार्रवाई में जुट गई है।
मृतक के पिता रवि ने शिकायत में बताया कि उसकी तीन संतानें हैं। दो बेटी व एक बेटा है। उसका बेटा चांग स्थित आइडियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल में नौंवी कक्षा में पढ़ता था। बेटा रोजाना की तरह स्कूल गया था। जबकि वह भतीजी को स्कूल से लेकर आ रहा था। भतीजी ने उसे बताया कि अमन के साथ उसकी कक्षा में मारपीट हुई है। मारपीट के बाद अमन को प्रिंसिपल ऑफिस ले जाया गया था।
यह जानने के बाद उसने स्कूल के प्रिंसिपल के पास फोन मिलाया और घटना के बारे में जानने की कोशिश की। प्रिंसिपल ने उसको अगले दिन स्कूल में आकर बात करने को कहा। इसके बाद शाम को करीब चार बजे अमन घर आ गया और कपड़े बदलकर बिना खाना खाए अपने चाचा के घर चला गया। करीब 20 मिनट बाद जब वे चौबारे में गए तो अमन फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उसे फंदा से उतारकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने अमन को मृत घोषित कर दिया। इस बारे में सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने दोपहर बाद शव का पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को एक किशोर के फंदे पर लटकर खुदकुशी करने की सूचना मिली थी। इस मामले में शव को कब्जे में लिया और नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। मृतक के पिता रवि के बयान के आधार पर आईडियल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल समेत अन्य पर धारा 305 के तहत केस दर्ज कर लिया है। रमेश चंद्र, प्रभारी सदर पुलिस थाना, भिवानी।