करंट लगने से किशोर की मौत
नगर निगम पर लापरवाही का मामला दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला।
डांस क्लास से लौटते हुए स्ट्रीट लाइट के पोल में आए करंट की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि शॉर्ट सर्किट के कारण डिवाइडर से गुजरते हुए किशोर जैसे ही पोल के संपर्क में आया, वह आगे नहीं बढ़ सका। पुलिस ने मामले में नगर निगम की संबंधित विंग के खिलाफ सेक्टर-14 थाने में लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है। बता दें कि इसी महीने सड़कों पर बने गड्ढों की वजह से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई थी। जिस पर पुलिस ने प्रशासन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया था।
सेक्टर-19 निवासी दीपक ने हाल ही में 10वीं की परीक्षा पास की थी। दीपक के पिता बासवानंद शर्मा ने बताया कि उनका पुत्र सेक्टर-11 स्थित डांस अकादमी से क्लास खत्म करने के बाद घर आ रहा था। हालांकि रोजाना वह साइकिल से आता था, लेकिन शुक्रवार को वह पैदल आ रहा था।
रात करीब 9.15 बजे जैसे ही दीपक ने सेक्टर 11 की सड़क पार कर सेक्टर-14 की तरफ जाने के लिए डिवाइडर पर पहुंचा तो पोल पर पहले से आए करंट की चपेट में आ गया। घटना के वक्त वहां से गुजर रहे लोगों ने दीपक को सिविल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के इलेक्ट्रिकल विंग में कार्यरत बासवानंद शर्मा ने बताया कि नगर निगम एवं बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। पुलिस को दी शिकायत में लापरवाही के लिए जिम्मेदार विभाग के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है।
घटना की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों को बुलाकर बिजली कट कर, इसे ठीक किया गया। सेक्टर 14 थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने बताया कि मामले में नगर निगम के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया गया है।