गांव मिर्चपुर के बस स्टैंड पर खड़ी रोडवेज की बस को रात में 11वीं कक्षा का छात्र चोरी कर ले गया। छात्र व उसके साथी बस को जींद की तरफ ले गए। जहां गांव राजपुरा भैण के पास संतुलन बिगड़ने पर बस एक मकान में जा घुसी। मकान में रह रहा परिवार बाल-बाल बच गया, जबकि बस चलाने वाला छात्र भी बुरी तरह घायल हो गया, जिसे बाद में अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बाद में चालक ने मामले की शिकायत पुलिस को दी। वहीं इस मामले में रोडवेज महाप्रबंधक सुरेंद्र दूहन ने चालक-परिचालक की लापरवाही मानते हुए दोनों को चार्जशीट कर दिया है। अगर दोनों संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए तो सस्पेंड भी किए जाएंगे।
बस स्टैंड पर बस खड़ी कर धर्मशाला में सो गए चालक-परिचालक
क्षतिग्रस्त बस
जानकारी के अनुसार हिसार डिपो की बस हिसार से चलकर गांव मिर्चपुर में रात्रि ठहराव करती है। इस बस पर पोकरी खेड़ी निवासी समालुदीन चालक और राखी निवासी अजमेर परिचालक के तौर पर कार्यरत हैं। दोनों बस को मिर्चपुर के बस स्टैंड पर खड़ी करके एक धर्मशाला में जाकर सो गए। जब सुबह चार बजे उठकर बस के पास पहुंचे तो देखा कि बस वहां से गायब है। उन्होंने इसकी सूचना मिर्चपुर पुलिस चौकी में दी।
बस की तलाश करने पर पता चला कि बस को मिर्चपुर गांव का 11वीं में पढ़ने वाला छात्र प्रवीन व उसके साथी रात को करीब 12 बजे चलाकर ले गए। जब प्रवीन बस को चलाते हुए जींद के गांव राजपुरा भैण पहुंचा तो वह नियंत्रण खो बैठा और बस रमेश कुमार के घर में जा घुसी। इससे घर में सो रहा परिवार बाल-बाल बच गया। इस घटना में मकान व बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए।
धमाका सुनकर बाहर निकले ग्रामीण
घर में घुसी बस
घर में बस घुसने से इतना जोरदार धमाका हुआ कि ग्रामीण अपने घरों से निकलकर सड़क पर आ गए और देखा कि बस में एक युवक के चीखने की आवाज आ रही है। इस पर ग्रामीण मौके पर आए और बस में फंसे युवक को कड़ी मशक्कत से बाहर निकाला और उसको उपचार के लिए जींद के सरकारी अस्पताल में भर्ती करवा दिया। बाद में सूचना पाकर हिसार से रोडवेज अधिकारी भी गांव में पहुंचे और मामले की पूरी जानकारी ली।
बस चालक के बयान पर छात्र प्रवीन और दो अन्य के खिलाफ बस चोरी का केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। -साधुराम, प्रभारी, नारनौंद थाना
बस का रात्रि ठहराव गांव मिर्चपुर में होता है। नियमों के अनुसार चालक-परिचालक को बस के पास ही सोना होता है। मामले की जांच की जा रही है। अगर चालक-परिचालक की लापरवाही पाई गई तो उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। -राजकुमार श्योकंद, ट्रैफिक मैनेजर, हिसार डिपो
इस मामले में चालक-परिचालक की लापरवाही स्पष्ट नजर आ रही है। दोनों को फिलहाल चार्जशीट कर दिया गया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिला तो सस्पेंड भी करेंगे। -सुरेंद्र दूहन, महाप्रबंधक, हिसार डिपो