पिता के साथ खेलने के लिए पार्क जा रहे 10 वर्षीय बच्चे की टेंपो (छोटा हाथी) की टक्कर से मौत हो गई। हादसा सेक्टर-52/53 की डिवाइडिंग रोड पर हुआ। हादसे में पिता को भी मामूली चोटें आईं हैं। टेंपो चालक दोनों को पीजीआई लेकर गया। वहां चिकित्सकों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
मृतक बच्चे की पहचान कजेहड़ी निवासी 10 साल के राजा के रूप में हुई है। सेक्टर-36 थाना पुलिस ने पिता करण सिंह की शिकायत पर टेंपो चालक के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है। आरोपी दोनों को पीजीआई में छोड़कर वहां से फरार हो गया था।
कजेहड़ी निवासी करण सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि मंगलवार को वह बेटे राजा को लेकर सेक्टर-53 के पार्क में जा रहा था। जब वह सेक्टर-52/53 की विभाजित सड़क को क्रॉस कर रहे थे तो उसी दौरान सेक्टर-52 की ओर से आ रहे तेज रफ्तार टेंपो ने दोनों को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही उनका बेटा राजा उछलकर सिर के बल सड़क पर जा गिरा। इससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया, जबकि हादसे में उन्हें भी मामूली चोटें आईं।