चंडीगढ़। एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास क्राइम ब्रांच की टीम ने कार सवार एक युवक को करीब दो लाख की हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।
सेक्टर 31 थाना पुलिस ने सेक्टर 45डी निवासी साहिल वर्मा उर्फ काकू (28) के खिलाफ मामला दर्ज किया। बुधवार आरोपी को जिला अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। क्राइम ब्रांच डीएसपी राजीव अंबस्ता की अगुवाई में इंस्पेक्टर हरिंदर सिंह सिखों की टीम में सब इंस्पेक्टर अशोक कुमार मंगलवार को एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास पेट्रोलिंग कर रहे थे। इस दौरान वहां से कार गुजर रही थी। पुलिस टीम को देखते ही कार वापस मुड़ने लगी। शक के आधार पर टीम ने कुछ दूरी पर कार को रुकवा लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कार से 52 ग्राम हेरोइन बरामद हुई।
कार चालक साहिल से जब पूछताछ की गई तो वह आनाकानी करने लगा। जिसके बाद क्राइम ब्रांच ने सेक्टर-31 थाने में मामला दर्ज करवाया। टीम की जांच में सामने आया कि आरोपी साहिल के खिलाफ सेक्टर-17 थाने में दंगा और सेक्टर 31 थाने में चोरी का केस दर्ज है।