फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

चंडीगढ़ में कोरोना टीकाकरण का पूर्वाभ्यास आज, 75 स्वास्थ्यकर्मियों को लगेगी डमी वैक्सीन

Sat, 02 Jan 2021 12:53 AM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
कोरोना टीकाकरण - फोटो : पीटीआई
विज्ञापन

कोरोना के टीकाकरण के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शनिवार को शहर के तीन प्रमुख अस्पतालों में टीकाकरण प्रक्रिया का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। इस दौरान स्वयंसेवकों को टीका लगाया जाएगा। इससे पहले उन्हें अपने मोबाइल पर स्वास्थ्य विभाग की ओर से आए हुए संदेश को दिखाना होगा। संदेश दिखाकर स्वयंसेवक टीकाकरण केंद्र में पहुंचेंगे, जिसके बाद उनका टीकाकरण किया जाएगा।

विज्ञापन


बता दें कि यह पूरी प्रक्रिया पूर्वाभ्यास के तहत होगी। स्वयंसेवकों को असली टीका नहीं बल्कि डमी टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण प्रक्रिया के अभ्यास के दौरान किसी स्वयंसेवक को चक्कर आने पर वहां मौजूद चिकित्सा अधिकारी समस्या समाधान के लिए राष्ट्रीय हेल्प डेस्क पर कॉल भी करेंगे। यह पूरी प्रक्रिया अवास्तविक होगी। 

स्वास्थ्य निदेशक डॉ. अमनदीप कौर कंग ने बताया कि टीकाकरण के ड्राई रन (पूर्वाभ्यास) के लिए शुक्रवार को पंजीकृत हेल्थ केयर वर्कर्स में से 75 को डिजिटल माध्यम से सफलतापूर्वक संदेश भेज दिया गया। मोबाइल पर यह संदेश प्राप्त करने वाले हेल्थ केयर वर्कर्स शनिवार को पूर्वाभ्यास की प्रक्रिया के अंतर्गत अपना मैसेज दिखाकर टीकाकरण केंद्रों पर प्रवेश करेंगे। 

विज्ञापन

डॉक्टर कंग ने बताया कि पूर्वाभ्यास का मुख्य उद्देश्य टीकाकरण अभियान के दौरान किसी प्रकार की समस्या आने की स्थिति को दूर करना है। पीजीआई में भी शनिवार को टीकाकरण का पूर्वाभ्यास किया जाएगा। वहां भी एडवांस पीडियाट्रिक सेंटर, नेहरू एक्सटेंशन और न्यू ओपीडी में टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। टीकाकरण का ड्राई रन सुबह 11 बजे शुरू होगा। 

इन अस्पतालों में होगा टीकाकरण का पूर्वाभ्यास
शनिवार को पीजीआई के अलावा शहर के तीन अस्पतालों में टीकाकरण के पूर्वाभ्यास की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इनमें जीएमएसएच-16, मनीमाजरा सिविल अस्पताल और सेक्टर-22 स्थित सिविल अस्पताल शामिल हैं। इन तीनों जगहों पर तीन कमरे वाला टीकाकरण केंद्र बनाया गया है। जहां मानक के अनुसार, प्रत्येक कमरे में टीकाकरण की प्रक्रिया को पूरा किया जाएगा। 

प्रवेश द्वार पर सुरक्षा गार्ड मौजूद रहेंगे, जो स्वयंसेवक के मोबाइल में पोर्टल से आया मैसेज चेक करेंगे। उसके बाद उन्हें वहां से पहले कमरे में भेजा जाएगा। पहले कमरे में स्वयंसेवक के पहचान पत्र की जांच करने के बाद उसे टीकाकरण के लिए दूसरे कमरे में भेजा जाएगा। जहां चिकित्सा अधिकारियों की टीम के समक्ष टीकाकरण अधिकारी डमी वैक्सीन लगाएगा। उसके बाद स्वयं सेवक तीसरे कमरे में चला जाएगा। जहां उसे चिकित्सा अधिकारी की मौजूदगी में कुछ मिनट बैठना होगा। सबकुछ ठीक होने पर उसे वहां से घर जाने को कहा जाएगा।
विज्ञापन

स्वयंसेवक को चक्कर भी आएगा

पूर्वाभ्यास के दौरान बुलाए गए 75 हेल्थ केयर वर्कर्स में से इक्का-दुक्का को इस प्रक्रिया में टीकाकरण के बाद चक्कर भी आएगा। ऐसा इसलिए किया जाएगा ताकि टीकाकरण की वास्तविक प्रक्रिया के दौरान किसी स्वयंसेवक की तबीयत बिगड़ने पर वहां मौजूद स्वास्थ्य अधिकारियों और अन्य कर्मचारियों में किसी प्रकार का डर उत्पन्न न हो। वह पहले से हर परिस्थिति के लिए तैयार रहें।

हेल्प डेस्क पर भी जाएगी कॉल
इस दौरान टीकाकरण की प्रक्रिया में कुछ जानकारी का अभाव होने पर उसके समाधान के लिए हेल्प डेस्क से मदद भी ली जाएगी। इसके लिए हेल्पडेस्क के जारी राष्ट्रीय नंबर पर कॉल भी किया जाएगा। लेकिन यह सारी प्रक्रिया भी डमी के रूप में ही की जाएगी, ताकि जब वास्तव में टीकाकरण हो तो उस समय किसी भी स्तर पर कोई चूक होने पर तत्काल हेल्प डेस्क पर कॉल करके उसका समाधान प्राप्त किया जा सके। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें