फिरोजपुर में मंगलवार को दो कोरोना पॉजिटिव मरीज आए हैं। इनमें से छावनी क्षेत्र का एक 52 वर्षीय व्यक्ति है, जिसके संपर्क में कई लोग आए हैं। वहीं तलवंडी भाई में मरीजों की संख्या बढ़ती देख जिला प्रशासन ने इसे माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। यहां की देखरेख के लिए एक कमेटी गठित की है। इसमें नायब तहसीलदार यादविंदर सिंह, डीएसपी कर्णशेर सिंह, फिरोजशाह अस्पताल की एसएमओ डॉ. वनीता भुल्लर, एसएचओ हरदेवप्रीत सिंह व बीडीपीओ परविंदर सिंह शामिल हैं। जीरा की एक बुजुर्ग महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, जो फरीदकोट अस्पताल में दाखिल है।
फगवाड़ा: एक ही परिवार के चार लोग संक्रमित
एक परिवार शादी समागम में शहीद भगत सिंह नगर के राहों गया था, जहां उनका कोरोना टेस्ट हुआ था। मंगलवार को रिपोर्ट आने पर चारों लोग पॉजिटिव मिले हैं। फगवाड़ा सिविल अस्पताल के एसएमओ कमल किशोर के मुताबिक चारों को घरों पर क्वारंटीन कर दिया गया है।
गुरदासपुर में कोरोना से सातवें मरीज की मौत
गुरदासपुर के एक और संक्रमित की अमृतसर में मौत हो गई है। मृतक गुरदासपुर के गांव सोहल का रहने वाला था। उक्त मरीज की उम्र 61 साल थी। मरीज पांच जुलाई को शाम चार बजे अमृतसर के जीएमसी अस्पताल में दाखिल हुआ था। छह जुलाई की रात करीब साढ़े ग्यारह बजे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार मरीज वेंटिलेटर पर था। बटाला के नेहरू गेट स्थित एक ज्वैलर अमृतसर के फोर्टिस अस्पताल में संक्रमित पाया गया है। उक्त व्यक्ति की उम्र 45 साल के करीब है और नेहरू गेट में ही उसका शोरूम है।
पठानकोट: पांच नए मामले मिले
पठानकोट में मंगलवार को 12 वर्षीय लड़की समेत पांच नए मामले सामने आए हैं। इनमें मोहल्ला चार मरला निवासी 12 वर्षीय लड़की के अलावा 28 वर्षीय युवती, दो लोग मोहल्ला भारत नगर और एक मरीज मोहल्ला गांधी नगर के रहने वाले हैं। जिले में अब तक कुल 236 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आ चुके हैं। इनमें 195 लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं। जबकि मोहल्ला सुंदरनगर, मीरपुर कालोनी, कथलौर कालोनी, सुजानपुर, इंदिरा कालोनी, चक माधो सिंह और मामून के छह लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
एडीसी जनरल और एसडीएम खन्ना के कोरोना पॉजिटिव आने के बाद जिला प्रशासन में हड़कंप मच गया। इसके बाद डीसी वरिंदर शर्मा, एडीसी जगरांव संयम अग्रवाल, सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा और डीपीआरओ विभाग के सभी कर्मचारी सेल्फ क्वारंटीन हो गए हैं। रविवार को मिशन फतेह पंजाब के तहत एक प्रोग्राम रखा गया था, इसमें एडीसी जनरल अमरजीत सिंह भी मौजूद थे। एहतियात के तौर पर इस प्रोग्राम में मौजूद सभी लोग सेल्फ क्वांरटीन हो गए हैं।
डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि मंगलवार को लुधियाना मे कुल 44 कोरोना पॉजिटिव केस पाए गए। इसमें लुधियाना से 41 लोग संबंधित है जबकि अन्य तीन बाहरी है। इस तरह लुधियाना का कुल आंकड़ा 1133 पहुंच गया है।
मंगलवार को इंडस्ट्रियल एरिया से सात, बस्ती जोधेवाल से तीन, हरगोबिंद नगर से तीन, गुरदेव नगर से दो, बाजीगर नगर से एक, सेंट्रल जेल से एक, शिवपुरी से एक, मक्कड़ कालोनी ग्यासपुरा से एक, रेलवे कालोनी से एक, ताजपुर से रोड से एक, प्रेम नगर से एक, जनकपुरी से एक, हैबोवाल से एक, शक्ति नगर से एक, धांधरा रोड से एक, मुंडिया खुर्द से एक, न्यू माडल टाउन से एक, खन्ना से एक, गांव चीमा से एक पॉजिटिव मरीज सामने आएं है। इसके अलावा काउंके कलां से एक, आनंदपुरा से एक, राजगुरू नगर से एक, प्रीतविहार से एक, न्यू शिमलापुरी से एक, भामियां खुर्द से एक, कोट मंगल सिंह से एक, फूलांवाल से एक, सिविल लाइन से एक व ताजपुर रोड से एक पॉजिटिव मरीज सामने आया है।
बठिंडा: चार नए संक्रमित आए सामने
बठिंडा में कोविड-19 के मंगलवार को चार नए केस सामने आए हैं। यह जानकारी डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने दी। इसके अलावा चार संक्रमित लोग ठीक होकर घर लौट गए। जिले में अब एक्टिव केस 35 रह गए हैं। डीसी ने बताया कि 62 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है। उन्होंने बताया कि मंगलवार को संक्रमित आए लोगों में से तीन लोग वो है जो पहले संक्रमित आए लोगों के संपर्क में थे। एक संक्रमित की दूसरे राज्य की यात्रा इतिहास है। इन संक्रमित लोगों में तीन पुरुष और एक नाबालिग लड़की शामिल है।
पटियाला जिले में मंगलवार देर शाम 30 नए कोरोना पॉजिटिव केसों की पुष्टि हुई। इनमें 16 केस पटियाला शहर, एक राजपुरा, एक नाभा, आठ समाना और चार विभिन्न गांवों से संबंधित हैं। पटियाला में अब कुल कोरोना पॉजिटिव केसों की संख्या 436 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि पॉजिटिव केसों को नई गाइडलाइन के अनुसार कोविड केयर सेंटर व आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करा दिया गया है।
सभी पॉजिटिव मरीजों की कांटैक्ट ट्रेसिंग की जा रही है। आगे बताया कि पटियाला के तोपखाना मोड़ एरिया में नौ पॉजिटिव केस आने पर एरिया को माइक्रो कंटेनमेंट जोन में तब्दील कर दिया गया है। इसी तरह आनंद नगर एक्सटेंशन पुराना को भी सात केस आने के बाद माइक्रो कंटोनमेंट जोन में बदल दिया गया है।