विभाग ने गुरुवार को कुल 25 लोगों के ठीक होने का एलान किया, जिनमें जालंधर के 13, मुक्तसर के 8, फाजिल्का और मोहाली के 2-2 व्यक्ति शामिल हैं। इसके साथ ही मोहाली, संगरूर, फिरोजपुर और मोगा कोरोना मुक्त हो गए हैं। राज्य में अब तक 59618 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं, जिनमें से 53871 सैंपल निगेटिव पाए गए हैं। 3719 सैंपलों की जांच रिपोर्ट आना बाकी है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 170 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से एक मरीज गंभीर हालत में वेंटिलेटर पर है।
चार जिलों के कोरोना मुक्त होने पर स्वास्थ्य मंत्री ने जताई खुशी
पंजाब के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने मोहाली, संगरूर, फिरोजपुर और मोगा जिलों में कोरोना के सभी मरीजों के आइसोलेशन केंद्रों से डिस्चार्ज होने पर खुशी जाहिर की है। उल्लेखनीय है कि इन जिलों में सभी मरीजों को गुरुवार को आइसोलेशन केंद्रों से इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई है और घर भेज दिया गया है।
इन चारों जिलों में अब कोई एक्टिव केस नहीं है। बलबीर सिंह सिद्धू ने कहा कि अब चार जिलों में कोरोना का कोई केस नहीं हैं, लेकिन इस महामारी से हमारी लड़ाई अभी खत्म नहीं हुई है। पंजाब सरकार बहुत हद तक इस बीमारी को काबू करने में कामयाब रही है लेकिन हमारी लड़ाई तब तक जारी रहेगी, जब तक इस बीमारी का उपयुक्त इलाज नहीं मिल जाता।