चंडीगढ़। गर्मी की छुट्टियों के बाद जिला अदालतों में कामकाज तो सामान्य रूप से शुरू हो गया है, लेकिन ई-कोर्ट की वेबसाइट और मोबाइल एप के ठीक से काम नहीं कर रहे हैं। वकीलों, वादी और प्रतिवादियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले करीब एक सप्ताह से वेबसाइट और एप पर तकनीकी दिक्कत बनी हुई है। इसके चलते कई मामलों में अदालतों के आदेश (ऑर्डर) डाउनलोड नहीं हो पा रहे हैं।
वकीलों का कहना है कि अदालतों में सुनवाई के बाद आदेश की प्रति ऑनलाइन उपलब्ध होती है, जिसे डाउनलोड कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाती है। लेकिन वेबसाइट और एप बार-बार हैंग हो रहे हैं या खुल ही नहीं रहे।
ई-कोर्ट सेवाओं के प्रभावित होने का सबसे ज्यादा असर उन लोगों पर पड़ रहा है जो दूसरे शहरों से अपने मामलों की जानकारी ऑनलाइन प्राप्त करते हैं। उन्हें केस की स्थिति, अगली तारीख और पारित आदेश देखने में भी दिक्कत आ रही है। वकीलों का कहना है कि डिजिटल व्यवस्था का उद्देश्य लोगों को सुविधा देना है, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण पूरी व्यवस्था प्रभावित हो रही है।