डीजीपी को छुट्टी पर भेजने के फैसले पर कमेटी संतुष्ट
इधर दूसरी तरफ, आईपीएस वाई पूरण कुमार आत्महत्या मामले में सरकार की तरफ से हरियाणा के डीजीपी शत्रुजीत कपूर को छुट्टी पर भेजने के फैसले पर न्याय मोर्चा की 31 सदस्यीय कमेटी ने संतुष्टि जताई है। ऐसे में अब कमेटी बुधवार को पंजाब के राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगी। दिवंगत आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार को न्याय दिलाने के लिए बनी 31 सदस्यीय कमेटी ने हरियाणा सरकार द्वारा डीजीपी शत्रुजीत कपूर को लंबी छुट्टी पर भेजने और नए डीजीपी की नियुक्ति के फैसले पर पूरी तरह संतोष जताया है। कमेटी ने कहा कि सरकार का यह कदम सही दिशा में उठाया गया है और उन्होंने अपील की है कि इस घटना को लेकर प्रदर्शन कर रही सभी संस्थाएं शांति और संयम के साथ अपना संघर्ष जारी रखें। कमेटी ने यह भी घोषणा की है कि बुधवार को चंडीगढ़ के होटल माउंट व्यू से पंजाब के राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के निवास तक एक शांतिपूर्ण पैदल मार्च निकाला जाएगा, जिसके बाद राज्यपाल को न्याय की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा।