चंडीगढ़। वेंडरों की शिफ्टिंग को लेकर सदन की विशेष मीटिंग में शुक्रवार को काफी हंगामा हुआ। पार्षदों ने कहा कि वेंडिंग साइट गलत तरीके से बनाई गई हैं। कई वेंडिंग जोन जंगल में बना दिए गए हैं, जहां वेंडरों की कोई सुनने वाला भी नहीं है। वेंडरों को उनके मार्केट से हटाकर जैसे उनका रोजगार ही छीन लिया गया है। पार्षदों ने कई मार्केटों में वेंडिंग जोन न होने का भी विरोध किया। बड़े- बड़े सेक्टरों से वेंडिंग जोन जैसे गायब ही कर दिया। पार्षदों ने इस व्यवस्था को लागू करने के लिए कमिश्नर केके यादव को बधाई दी और कहा कि व्यवस्था अच्छी है, लेकिन सुधार की जरूरत है।
सेक्टर- 53 में जंगल में बैठे हैं वेंडर
कांग्रेस पार्षद सतीश कैंथ ने कहा कि सेक्टर- 56 के वेंडरों को बिना बताए पहले तो उनकी साइट कैंसिल कर दीं। अब उन्हें सेक्टर-53 में बैठा दिया गया है। जंगल होने के चलते यहां कोई देखने वाला तक नहीं है। कौन वहां सामान खरीदने जाएगा।
मैंने वह हालात देखें हैं, दर्द होता है
भाजपा पार्षद अनिल दुबे ने कहा कि स्थान बदलने से वेंडर बेरोजगार हो गए हैं। उनकी बच्चों को शिक्षा से लेकर रोजीरोटी की समस्या खड़ी हो गई है। मैंने वो हालात देखें हैं, जब बच्चों की फीस तक नहीं दे पाता था, इसलिए आज दुख हो रहा है।
शहर में डर का माहौल पैदा हो गया है
कांग्रेस पार्षद देवेंदर सिंह बबला ने कहा कि वर्तमान में शहर में डर का माहौल पैदा हो गया है। लोग अपना सामान भी छुपाकर बेच रहे हैं। आबादी के हिसाब से ढाई प्रतिशत वेंडर बैठने थे। यह रेसियो किस हिसाब से लागू हो रहा है मुझे नहीं पता।
सेक्टर- 15 में हवा आने तक को जगह नहीं
भाजपा पार्षद राजबाला मलिक ने कहा कि सेक्टर- 15 में सबसे ज्यादा वेंडर बैठाए गए हैं। कई बार आपत्ति के बावजूद किसी ने सुनवाई नहीं की। वर्तमान में सेक्टर में वहां निकलने को जगह नहीं है। वहीं से स्कूल की बच्चियां गुजरेंगी तो काफी समस्या होगी।
अपने वार्ड के वेंडरों को क्या जबाव दूं
भाजपा पार्षद हीरा नेगी ने कहा कि वेंडरों को दी गई जगह काफी कम है। उसमें वह खुद बैठे या अपना सामान लगाए। ऐसे में वेंडरों के सामने काफी समस्या है। कम से कम जगह तो बढ़ाकर देनी चाहिए थे। जिससे कि लोग अपना सामान तो आराम रख सकते।
बधाई के पात्र हैं, कमिश्नर और मेयर
भाजपा पार्षद देवेश मोदगिल ने कहा कि शहर का दिल कहे जाने वाले सेक्टर- 17 को वेंडिंग जोन मुक्त कराया है। सेक्टर- 19 और 22 में कई बार हादसे को लेकर चेताया गया। आज वेंडरों की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाया है। इसके लिए मेयर व कमिश्नर बधाई के पात्र हैं।
कुम्हारों को भी उनकेस्थान पर बैठे रहने दें
भाजपा पार्षद सुनीता धवन ने कहा कि कुम्हार एक साइट पर बैठे रहते हैं। इसलिए कुम्हार जहां बैठे हैं, वहीं बैठे रहने दें। इसके अलावा कुम्हार को सामान रखने के लिए भी काफी कम जगह दी है। कम से कम इतनी जगह तो दें जहां वह अपना सामान रख सकें।
सब्जी व फल वालों को भी वहीं बैठाया जाए
भाजपा पार्षद महेश इंदर सिंह ने कहा कि जैसे धोबी, मोची, नाई और चाय वाले उनकेस्थान पर बैठे हैं, उसी प्रकार सब्जी व जूस वालों को भी उनके स्थान पर बैठाया जाए, क्योंकि सब्जी और जूस लोगों के लिए रोजमर्रा की जरूरतें हैं।
घरों के सामने ही बैठा दिए हैं वेंडर
सीनियर डिप्टी मेयर हरदीप सिंह ने कहा कि सेक्टर- 41 में घरों के सामने ही 105 वेंडर बैठा दिए गए हैं। अब रेजिडेेंशियल वेलफेयर एसोसिएशन वाले हमसे पूछते हैं कि यह क्या करवा दिया। उन्हें जबाव देते नहीं बनता है।
रामदरबार में डे मार्केट बनाना चाहिए, आ रही समस्या
भाजपा पार्षद भरत शर्मा ने कहा कि रामदरबार में वेंडर हटने से लोगों को काफी समस्या आ रही है। वेंडरों को मनीमाजरा और अन्य स्थानों पर शिफ्ट कर दिया गया है। अब सप्ताह में एक डे मार्केट का प्रस्ताव बनाया जाए, ताकि लोग खरीदारी कर सकें।
शाकाहारी और मांसाहारी को अलग अलग बैठाएं
भाजपा पार्षद फर्मिला ने कहा कि शाकाहारी व मांसाहारी खाना बेचने वाले वेंडर एक साथ बैठे हैं। इससे वेंडिंग जोन में लोगों को काफी समस्या हो रही है। इसी प्रकार डूड्डूमाजरा सहित वार्ड केअन्य क्षेत्रों से वेंडर हटने से लोग अब काफी परेशान हो रहे हैं।
वेंडिंग जोन की आड़ में ऑटो लगा रहे हैं लोग
डिप्टी मेयर कंवरजीत राणा ने कहा कि सेक्टर- 45डी में ऑटो चालक अपने से ही खड़े होने लगे हैं। इससे वहां गलत काम हो रहा है। वहीं कई वेंडर ऐसे हैं जो वेंडिंग जोन में बैठकर अपना व्यवसाय नहीं कर सकते। इसलिए उनके लिए अलग से व्यवस्था की जाए।
सेक्टर 37 से पूरी तरह हटा दिए वेंडर
भाजपा पार्षद अरुण सूद ने कहा कि सेक्टर- 37 इतने वार्ड है, लेकिन वहां वेंडिंग जोन ही नहीं रखा गया। सेक्टर 37 व 38 वेस्ट केलोग अब उनके पास आ रहे हैं। मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन को भी इनसे आपत्ति नहीं है तो फिर वहीं वेंडिंग जोन बना दिया जाए।
रेलिंग लगवाएं और कुछ अतिक्रमण हटवाएं
भाजपा पार्षद आशा जसवाल ने कहा कि वेंडरों को वेंडिंग जोन में शिफ्ट करने का फैसला तारीफ के काबिल है। अब सदर मार्केट में रेलिंग लगवाई जाए ताकि अतिक्रमण फिर से न हो और मार्केट में कुछ अतिक्रमण है, उसे हटवाया जाए। ताकि मार्केट की सुंदरता बढ़ सके।
फूल वालों को वहीं बैठने दिया जाए
भाजपा पार्षद शक्ति प्रकाश देवशाली ने कहा कि मंदिर और गुरुद्वारे के बाहर कई फूल वाले और प्रसाद वाले बैठते हैं। उन्हें वहीं बैठने दिया जाए, क्योंकि उनके लिए कोई वेंडिंग जोन में नहीं जाएगा। उनका व्यवसाय मंदिर व गुरुद्वारे के सामने से ही चलेगा।