चंडीगढ़। नगर निगम पहली बार हिंदी को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाने जा रहा है। इसके अंतर्गत निगम कर्मचारियों के बीच हिंदी के विषयों पर प्रतियोगिता कराई जाएगी। इसमें विजेता को पुरस्कार भी दिया जाएगा। यह अभियान मंगलवार से 14 सितंबर तक चलेगा।
नगर निगम आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने बताया कि देशभर में हिंदी को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। इस दिशा में एक पहल करते हुए बेहतर संवाद के लिए कुछ सांस्कृतिक गतिविधियों का आयोजन कराया जा रहा है। इससे हिंदी के प्रति लोगों का रुझान बढ़ेगा। वहीं दूसरी ओर कामकाज से अलग हिंदी की समझ भी बेहतर होगी। इन आयोजनों में जीतने वाले प्रतिभागियों को मेयर रविकांत शर्मा और आयुक्त आनिंदिता मित्रा सम्मानित करेंगी। ब्यूरो